World Tuberculosis Day 2026: “हां! हम टीबी को खत्म कर सकते हैं’ विश्व टीबी दिवस पर भारत का बड़ा अभियान”
विश्व टीबी दिवस पर, भारत ने टीबी रोग के खिलाफ अपनी मुहिम को तेज कर दिया है। 24 मार्च 2026 को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री टीबी मुक्त भारत ऐप और शहरी वार्ड पहल के साथ 100 दिन का सघन टीबी उन्मूलन कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।
24 मार्च 2026 को विश्व टीबी दिवस के मौके पर भारत टीबी को खत्म करने की अपनी जंग को और तेज कर रहा है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित कर रहा है, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा करेंगे। इस साल का थीम है “हां! हम टीबी को खत्म कर सकते हैं!”, जो देश के एकजुट प्रयास को दिखाता है।
टीबी मुक्त भारत ऐप होगा लॉन्च
इस कार्यक्रम का मुख्य मकसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘टीबी मुक्त भारत’ के सपने को पूरा करना है। इस दिशा में राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के तहत कई नई शुरुआत की जा रही हैं, जैसे 100 दिन का सघन टीबी उन्मूलन अभियान, “टीबी मुक्त भारत ऐप” और शहरी वार्ड स्तर की नई पहलें। इनका उद्देश्य मरीजों को जल्दी ढूंढना, उनका समय पर इलाज करना और उन्हें इलाज पूरा करने के लिए प्रेरित करना है।
हर साल भारत में करीब 28 लाख टीबी के मामले
भारत दुनिया के उन देशों में से है जहाँ टीबी के सबसे ज्यादा मरीज हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की रिपोर्ट के अनुसार, हर साल भारत में करीब 28 लाख टीबी के मामले सामने आते हैं, जो दुनिया के कुल मामलों का लगभग 27% है। दुख की बात यह है कि हर साल लगभग 4 से 5 लाख लोग इस बीमारी से अपनी जान गंवा देते हैं। हालांकि, पिछले कुछ सालों में मरीजों का पता लगाने, इलाज और लोगों को जागरूक करने के प्रयासों से मौतों की संख्या में धीरे-धीरे कमी आई है।
दो सप्ताह तक खांसी आने पर कराएं जाँच
डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल चिकित्सालय, लखनऊ के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशुतोष कुमार दूबे बताते हैं, “दो सप्ताह से अधिक खाँसी टीबी हो सकती है। दो सप्ताह से अधिक खाँसी आने पर टी.बी की जाँच कराएं। टीबी की पहचान बलगम की जाँच से की जाती है। इसमें अन्य जांचे भी जरुरत पड़ने पर की जाती हैं। टीबी का इलाज बहुत सरल है। इसका उपचार डाट्स द्वारा किया जाता है, जिसमें बलगम की जाँच और अन्य जाँच के बाद मरीज को दो श्रेणी में बांट दिया जाता है। पहली श्रेणी में नये मरीजों को और दूसरी श्रेणी में पुराने मरीजों को रखा जाता है।” टीबी की दवा छह से आठ महीने तक खानी पड़ती है। टीबी की दवा स्वास्थ्य कार्यकर्ता या समाज के किसी जिम्मेदार व्यक्ति की देखरेख में खायी जाती है।
गाँवों में भी दी जाए टीबी के बारे में जानकारी
सरकार का कहना है कि डिजिटल तरीके से मरीजों पर नज़र रखना, पोषण सहायता (निक्षय योजना) और लोगों की भागीदारी जैसे कदमों से टीबी को नियंत्रित करने में मदद मिली है। खासकर गांवों और शहरों के गरीब इलाकों में लोगों को टीबी के बारे में जानकारी दी जा रही है और जाँच की सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। “टीबी मुक्त भारत ऐप” जैसी नई पहलें मरीजों की निगरानी और उनके डेटा को बेहतर ढंग से संभालने में मदद करेंगी। इससे यह सुनिश्चित होगा कि मरीज अपना इलाज बीच में न छोड़ें।




