99.6% गांवों तक पहुंची सड़क, 15 करोड़ घरों में नल का जल:Economic Survey 2025-26
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लोकसभा में पेश आर्थिक समीक्षा 2025-26 में ग्रामीण भारत के बुनियादी ढांचे में हुई जबरदस्त प्रगति की तस्वीर सामने आई है। सड़कों से लेकर आवास और पेयजल तक, पिछले दो दशकों में ग्रामीण विकास के हर मोर्चे पर उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज की गई हैं।
आर्थिक समीक्षा के अनुसार, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत 15 जनवरी 2026 तक देश की 99.6 प्रतिशत से अधिक पात्र बसावटों को सड़क संपर्क से जोड़ा जा चुका है। वर्ष 2000 में 25 दिसंबर को शुरू हुई इस महत्वाकांक्षी योजना ने ग्रामीण भारत की तस्वीर ही बदल दी है।पीएमजीएसवाई-I के तहत अब तक 1,63,665 सड़कों (6,25,117 किलोमीटर) और 7,210 पुलों का निर्माण पूरा हो चुका है। इस योजना का प्राथमिक उद्देश्य मैदानी क्षेत्रों में 500 या उससे अधिक आबादी वाली और उत्तर-पूर्वी तथा पहाड़ी क्षेत्रों में 250 या उससे अधिक आबादी वाली बिना संपर्क वाली बसावटों को सभी मौसम में चलने योग्य सड़कों से जोड़ना था।
वर्ष 2013 में शुरू हुई पीएमजीएसवाई-II योजना के तहत 6,612 सड़कों (49,087 किलोमीटर) और 749 पुलों का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। इस चरण में कुल 6,664 सड़कों और 759 पुलों को मंजूरी दी गई थी। जुलाई 2019 में शुरू हुए पीएमजीएसवाई-III के तहत बड़े ग्रामीण आबादी वाले क्षेत्रों, ग्रामीण कृषि बाजारों और उच्चतर माध्यमिक स्कूलों तक संपर्क सुविधा प्रदान करने के लिए 1,25,000 किलोमीटर लंबे मार्गों के निर्माण की मंजूरी दी गई थी। 15 जनवरी 2026 तक इस योजना के तहत 12,699 सड़कों (1,02,926 किलोमीटर) और 1,734 पुलों का निर्माण पूरा हो चुका है।
आवास क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन
‘सभी के लिए आवास’ के सपने को साकार करने की दिशा में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने पिछले 11 वर्षों में 3.70 करोड़ आवासों का निर्माण पूरा किया है। एक अप्रैल 2016 से क्रियान्वित हो रही इस योजना का महत्वाकांक्षी लक्ष्य वर्ष 2029 तक ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे आवासों में रहने वाले सभी पात्र आवासहीन लोगों को बुनियादी सुविधाओं सहित 4.95 करोड़ पक्के आवास उपलब्ध कराना है। आर्थिक समीक्षा के मुताबिक, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कुल 4.14 करोड़ आवासों का लक्ष्य दिया गया था, जिनमें से 3.86 करोड़ आवासों को मंजूरी दी जा चुकी है और 2.93 करोड़ आवासों का निर्माण पूरा हो गया है। इसके अतिरिक्त, पिछली योजनाओं में शेष रह गए 76.98 लाख आवासों का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है।इन पक्के मकानों से न केवल ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित आश्रय मिला है, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
हर घर जल: स्वच्छ पेयजल की क्रांति
जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत ‘हर घर जल’ का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तेजी से साकार हो रहा है। केंद्र सरकार राज्यों के सहयोग से अगस्त 2019 से इस योजना को लागू कर रही है। योजना की शुरुआत के समय केवल 3.23 करोड़ (17 प्रतिशत) ग्रामीण घरों में स्वच्छ पेयजल की सुविधा थी। आर्थिक समीक्षा के अनुसार, 20 नवंबर 2025 तक 12.50 करोड़ से अधिक नए घरों को इस योजना के दायरे में लाया गया है और कुल 15.74 करोड़ घरों (81.30 प्रतिशत) में नल से जल की सुविधा पहुंच चुकी है। यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन की गुणवत्ता में सुधार का एक महत्वपूर्ण संकेतक है। इस मिशन ने न केवल महिलाओं और बच्चों को पानी लाने के कठिन श्रम से मुक्ति दिलाई है, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी कमी लाई है।
तकनीकी क्रांति: ग्रामीण भारत का डिजिटल परिवर्तन
आर्थिक समीक्षा में ग्रामीण भारत में तकनीक-प्रेरित सहभागिता पर विशेष जोर दिया गया है। वित्त मंत्री ने कहा कि तकनीक समावेशी विकास के लिए एक शक्तिशाली उत्प्रेरक के रूप में कार्य करते हुए बाधाओं को तोड़कर प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंच संभव बना रही है। स्वामित्व योजना (ग्राम आबादी समीक्षा एवं उन्नत प्रौद्योगिकी के माध्यम से ग्राम क्षेत्रों का मानचित्रण) इसका एक बेहतरीन उदाहरण है। दिसंबर 2025 तक, लक्षित लगभग 3.44 लाख गांवों में से 3.28 लाख गांवों का ड्रोन सर्वेक्षण पूरा किया जा चुका है। लगभग 1.82 लाख गांवों के लिए 2.76 करोड़ संपत्ति कार्ड तैयार किए गए हैं, जिससे ग्रामीण भूमि मालिकों को कानूनी अधिकार मिले हैं। नमो ड्रोन दीदी योजना भी ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण का एक अनूठा उदाहरण है।
वर्ष 2023-24 के दौरान, अग्रणी उर्वरक कंपनियों ने स्वयं सहायता समूहों की ड्रोन दीदियों को 1,094 ड्रोन वितरित किए, जिनमें से 500 ड्रोन इस योजना के अंतर्गत प्रदान किए गए। डिजिटल भारत भूमि रिकॉर्ड आधुनिकीकरण कार्यक्रम (डीआईएलआरएमपी) के तहत वित्त वर्ष 2008 से ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि रिकॉर्ड के कम्प्यूटरीकरण और डिजिटलीकरण का काम चल रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर ग्रामीण क्षेत्रों में कुल उपलब्ध भूमि रिकॉर्डों का 99.8 प्रतिशत मालिकाना रिकॉर्ड डिजिटलीकरण (आरओआर) कार्य पूरा कर लिया गया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि सड़कें, आवास, स्वच्छ पेयजल कनेक्शन और डिजिटल संपर्क समेत मजबूत बुनियादी ढांचा समावेशी विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। यह समुदायों को बाजारों, सेवाओं और अवसरों से जोड़ता है, जो जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाते हैं।




