शुक्रवार, 20 नवम्बर 2026
कार्तिक मास · धान कटने लगा है, शामें ठंडी
ग्रामीण ख़बरें

Gaon Se: उत्तराखंड की पहचान बना रिंगाल बाँस, परंपरा को नई पहचान दे रहे रुद्रप्रयाग के कारीगर

उत्तराखंड के पहाड़ों में रिंगाल बाँस सिर्फ एक पौधा नहीं, बल्कि लोगों की आजीविका और संस्कृति का अहम हिस्सा है। पहले जहाँ इससे केवल टोकरी, चटाइयाँ और घरेलू उपयोग की चीजें बनाई जाती थीं, वहीं अब पहाड़ के कारीगर इसे नए डिज़ाइन और आधुनिक रूप देकर बाजार तक पहुँचाने की कोशिश कर रहे हैं।

· · 4 मिनट

Gaon Se: उत्तराखंड की पहचान बना रिंगाल बाँस, परंपरा को नई पहचान दे रहे रुद्रप्रयाग के कारीगर

उत्तराखंड के पहाड़ों में सदियों से रिंगाल बांस सिर्फ एक पौधा नहीं, बल्कि लोगों की आजीविका और संस्कृति का अहम हिस्सा रहा है। पहले जहाँ इससे केवल टोकरी, चटाइयाँ और घरेलू उपयोग की चीजें बनाई जाती थीं, वहीं अब पहाड़ के कारीगर इसे नए डिज़ाइन और आधुनिक रूप देकर बाजार तक पहुँचाने की कोशिश कर रहे हैं। रिंगाल न सिर्फ पहाड़ की पहचान है बल्कि वहाँ के लोगों के लिए अपनी परंपरा और हुनर को जीवित रखने का जरिया भी है।

रिंगाल बाँस की बुनाई
रिंगाल बाँस की बुनाई Photo: Gaon Connection Network

पहाड़ी मेहनत और परंपरा का मेल है रिंगाल कला

रूद्रप्रयाग, उत्तराखंड
रूद्रप्रयाग, उत्तराखंड Photo: Gaon Connection Network

रुद्रप्रयाग की ठंडी सुबह में जब सूरज की पहली किरणें बर्फ से ढकी पहाड़ियों को छूती हैं, तो उनकी रोशनी धीरे-धीरे नीचे उतरती हुई बाँस की झाड़ियों और पत्तों पर चमकने लगती है। हवा में फैलती सरसराहट जैसे किसी कहानी की शुरुआत हो। यही रिंगाल की सरसराहट है, जिससे पहाड़ के कारीगर अपनी जिंदगी और परंपरा को बुनते हैं। उन्हीं कारीगरों में से एक हैं दीपक लाल, जो पिछले कई सालों से इस कला को आगे बढ़ा रहे हैं।

बुजुर्गों से सीखी कला

रिंगाल कारीगर, दीपक लाल
रिंगाल कारीगर, दीपक लाल Photo: Gaon Connection Network

दीपक लाल बताते हैं कि उन्होंने यह काम अपने आसपास के बुजुर्गों और परिवार के लोगों को देखकर सीखा। बचपन से ही वे अपने पिता को रिंगाल की बुनाई करते देखते थे। स्कूल से लौटकर घंटों बैठकर यह देखते रहते कि कैसे एक साधारण बाँस की लकड़ी उनके पिता के हाथों में आकार लेकर सुंदर टोकरी बन जाती है। करीब 18 साल की उम्र से उन्होंने खुद भी इस काम को शुरू कर दिया और आज तक इसे जारी रखा है।

पारंपरिक कला के सथ हुए नए प्रयोग

रिंगाल से बन रहे हैं कई सजावटी सामान
रिंगाल से बन रहे हैं कई सजावटी सामान Photo: Gaon Connection Network

समय के साथ दीपक ने इस पारंपरिक कला में कुछ नए प्रयोग भी किए हैं। पहले जहाँ केवल टोकरी या घरेलू सामान बनाए जाते थे, वहीं अब वे रिंगाल से ट्रे, सजावटी टोकरियाँ, लैंप, मंदिर और कई तरह की फैंसी चीजें भी बना रहे हैं। उनका कहना है कि अगर इस काम में आधुनिक औजार और थोड़ा तकनीकी सहयोग मिल जाए, तो जो काम पहले पाँच दिन में होता था, वह एक दिन में हो सकता है और कारीगरों की आय भी बढ़ सकती है।

क्या है रिंगाल की खासियत?

कभी न खत्म होने वाला रिंगाल बाँस
कभी न खत्म होने वाला रिंगाल बाँस Photo: Gaon Connection Network

रिंगाल बांस की खासियत यह है कि यह पतला, लचीला और ठंडे मौसम में पनपने वाला पौधा है। इसे जंगल से लाना, छाल उतारना, सुखाना और फिर बुनाई के लिए तैयार करना काफी मेहनत का काम होता है। लेकिन इसकी एक खास बात यह भी है कि इसे काटने के बाद भी पौधा फिर से उग आता है और दोबारा इस्तेमाल के लिए तैयार हो जाता है।

पहाड़ों में पहले रिंगाल से बनी चीजें मुख्य रूप से घरेलू उपयोग के लिए होती थीं। अनाज रखने, सब्जियाँ ढोने या पशुओं के लिए चारा ले जाने में इनका इस्तेमाल किया जाता था। लेकिन जब इन हस्तशिल्प वस्तुओं की माँग बाजार में बढ़ी, तो कारीगरों को एहसास हुआ कि यह सिर्फ जरूरत की चीज नहीं, बल्कि एक कला भी है जो लोगों को आकर्षित कर सकती है।

कला को जिंदा रखने के लिए लगातार प्रयास हो

प्लास्टिक के दौर में रिंगाल अभी भी जिंदा
प्लास्टिक के दौर में रिंगाल अभी भी जिंदा Photo: Gaon Connection Creatives

हालांकि इस परंपरा को बचाए रखना आसान नहीं है। जंगलों में रिंगाल पहले की तुलना में कम मिलता है, बाजार में प्लास्टिक की सस्ती चीजों ने जगह बना ली है और नई पीढ़ी इस मेहनत भरे काम में ज्यादा रुचि नहीं दिखाती। इसके बावजूद दीपक लाल जैसे कारीगर इस कला को जिंदा रखने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

जब किसी के हाथ में रिंगाल की बनी टोकरी आती है, तो उसकी बुनाई में सिर्फ धागे या बांस की पट्टियां नहीं होतीं, बल्कि उसमें पहाड़ की मेहनत, परंपरा और जीवन की कहानी भी छिपी होती है। यह कहानी सिर्फ एक कारीगर की नहीं, बल्कि पूरे पहाड़ की है, जो अपने हुनर और अपनी सांस्कृतिक पहचान को संभालकर आगे बढ़ रहा है।

पहाड़ हमें सिखाते हैं कि सादगी में भी गहरा सौंदर्य छिपा होता है। और रिंगाल की नरम बुनाई में वही मजबूत डोर दिखाई देती है, जो परंपरा, मेहनत और उम्मीद को पीढ़ी दर पीढ़ी जोड़कर रखती है।

और पढ़िए

  1. ग्रामीण ख़बरें

    एग्रोटेक 2026 : यूपी की राजधानी में जुटेंगे कृषि इनोवेशन के शीर्ष दिग्गज; निवेश की संभावनाओं की तलाश

    उत्तर प्रदेश में निवेश, व्यापार, तकनीकी सहयोग और नई संभावनाओं पर होगी चर्चा। लखनऊ में जुटेंगे कृषि क्षेत्र के दिग्गज, देश-विदेश के…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख
  2. ग्रामीण ख़बरें

    Agri Business में किसान सबसे ज़्यादा कहाँ फँसते हैं, क्या हैं वो सात कारण?

    कृषि में सफलता पाने के लिए सही योजना और तैयारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। कई किसान सब्सिडी को तुरंत मिलने वाले पैसे समझते…

    Gaon Connection · 5 मिनटलेख
  3. ग्रामीण ख़बरें

    यूपी के लिए गन्ने की दो नई किस्में, अच्छा उत्पादन और रोगों से लड़ने में बेहतर

    अक्टूबर में होने वाले 'मिठास मेला-2026' के दौरान, नई गन्ना किस्मों ('Co.Sha. 23232' और 'Co.Sha. 19231) के मिनी बीज किट किसानों को…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख