शुक्रवार, 20 नवम्बर 2026
कार्तिक मास · धान कटने लगा है, शामें ठंडी
ग्रामीण ख़बरें

नए साल की दस्तक कड़ाके की ठंड के साथ: पहाड़ों में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में घना कोहरा

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार कश्मीर घाटी और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी की संभावना है, जबकि उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में 5 जनवरी तक घना से बहुत घना कोहरा, शीत दिवस और शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है।

· · 3 मिनट

नए साल की दस्तक कड़ाके की ठंड के साथ: पहाड़ों में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में घना कोहरा

साल के आख़िरी दिन देश के मौसम ने एक बार फिर सख़्त रुख अपना लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में अगले दो दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की प्रबल संभावना है। वहीं उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा, शीत दिवस और कुछ राज्यों में शीतलहर की स्थिति 5 जनवरी 2026 तक बनी रह सकती है

कश्मीर घाटी में भारी बारिश-बर्फबारी की चेतावनी

IMD के मुताबिक 31 दिसंबर को कश्मीर घाटी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा 31 दिसंबर से 2 जनवरी 2026 के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुज़फ्फराबाद क्षेत्र में व्यापक स्तर पर वर्षा और हिमपात की संभावना जताई गई है।

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 31 दिसंबर से 2 जनवरी तक छिटपुट से लेकर व्यापक हल्की–मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जिससे पहाड़ी इलाकों में तापमान और गिरने की आशंका है

मैदानी राज्यों में घना कोहरा कब तक?

मौसम विभाग के अनुसार-

ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली: 5 जनवरी तक

पूर्वी उत्तर प्रदेश: 2 जनवरी तक

पश्चिमी राजस्थान: 3 जनवरी 2026 तक

रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाया रहने की बहुत अधिक संभावना है। कई स्थानों पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम रहने का अनुमान है, जिससे यातायात पर गंभीर असर पड़ सकता है

शीत दिवस और शीतलहर की स्थिति

IMD ने बताया है कि

31 दिसंबर: पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड

1 जनवरी: पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली

31 दिसंबर और 1 जनवरी: बिहार

इन क्षेत्रों में शीत दिवस की स्थिति बनने की प्रबल संभावना है।

इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश (2–4 जनवरी), पंजाब–हरियाणा–चंडीगढ़–दिल्ली (3–5 जनवरी), राजस्थान (5–6 जनवरी) और तेलंगाना (1 जनवरी) में शीतलहर का भी अलर्ट जारी किया गया है

बीते 24 घंटों का हाल: दृश्यता शून्य तक

पिछले 24 घंटों में उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और मेघालय के कई हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा दर्ज किया गया।

अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, अंबाला, हिसार, ग्वालियर, प्रयागराज और आगरा जैसे शहरों में कुछ समय के लिए दृश्यता शून्य (0 मीटर) तक पहुंच गई, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ

तापमान की स्थिति

IMD के अनुसार- मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान कई स्थानों पर 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, रोहतक (हरियाणा), अंबिकापुर (छत्तीसगढ़) और खजुराहो (मध्य प्रदेश) में 4.2°C न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, अगले कुछ दिनों में पहले तापमान में 2–4 डिग्री की बढ़ोतरी और फिर दोबारा गिरावट का अनुमान है।

जनजीवन, स्वास्थ्य और परिवहन पर असर

घने कोहरे और कड़ाके की ठंड का असर कई स्तरों पर देखने को मिल रहा है, सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित, दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा, दमा, ब्रोंकाइटिस और सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों के लिए जोखिम और आंखों में जलन, खांसी और सांस लेने में तकलीफ की आशंका हो सकती है।

किसानों और पशुपालकों के लिए मौसम विभाग की सलाह

IMD ने कृषि और पशुपालन के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है, इसके अनुसार खड़ी फसलों में शाम के समय हल्की और बार-बार सिंचाई, सब्ज़ी की नर्सरी और छोटे पौधों को पुआल या पॉलीथीन शीट से ढकें, पशुओं को रात में शेड के अंदर रखें और सूखा बिछावन दें और पोल्ट्री फार्म में चूजों के लिए अतिरिक्त गर्मी और रोशनी की व्यवस्था करें।

मछुआरों के लिए चेतावनी

मौसम विभाग ने 31 दिसंबर से 5 जनवरी 2026 के बीच बंगाल की खाड़ी, मन्नार की खाड़ी और कुछ समुद्री क्षेत्रों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है, क्योंकि तेज़ हवाओं और खराब समुद्री हालात की संभावना है

क्या करें, क्या न करें

सुबह और देर रात अनावश्यक बाहर निकलने से बचें, वाहन चलाते समय फॉग लाइट का प्रयोग करें, हीटर और अलाव जलाते समय वेंटिलेशन का ध्यान रखें, साथ ही ठंड से कंपकंपी या सुन्नता होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।

और पढ़िए

  1. ग्रामीण ख़बरें

    एग्रोटेक 2026 : यूपी की राजधानी में जुटेंगे कृषि इनोवेशन के शीर्ष दिग्गज; निवेश की संभावनाओं की तलाश

    उत्तर प्रदेश में निवेश, व्यापार, तकनीकी सहयोग और नई संभावनाओं पर होगी चर्चा। लखनऊ में जुटेंगे कृषि क्षेत्र के दिग्गज, देश-विदेश के…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख
  2. ग्रामीण ख़बरें

    Agri Business में किसान सबसे ज़्यादा कहाँ फँसते हैं, क्या हैं वो सात कारण?

    कृषि में सफलता पाने के लिए सही योजना और तैयारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। कई किसान सब्सिडी को तुरंत मिलने वाले पैसे समझते…

    Gaon Connection · 5 मिनटलेख
  3. ग्रामीण ख़बरें

    यूपी के लिए गन्ने की दो नई किस्में, अच्छा उत्पादन और रोगों से लड़ने में बेहतर

    अक्टूबर में होने वाले 'मिठास मेला-2026' के दौरान, नई गन्ना किस्मों ('Co.Sha. 23232' और 'Co.Sha. 19231) के मिनी बीज किट किसानों को…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख