NBA Portal: औषधीय पौधों की खेती अब डिजिटल, सरकार ने लॉन्च किया प्रमाणन ई-पोर्टल
औषधीय पौधों की खेती और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने प्रमाणन प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बना दिया है। नए ई-पोर्टल से किसानों, उद्यमियों और शोधकर्ताओं को अब जल्दी, पारदर्शी और आसान प्रमाण पत्र मिल सकेगा।
औषधीय फसलों की खेती करने वाले किसानों के अब तक प्रमाणपत्र के लिए प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था। कई किसानों और छोटे उद्यमियों के लिए यह एक बड़ी बाधा बन जाती थी, लेकिन अब उन्हें भटकना नहीं पड़ेगा, क्योंकि उनके लिए डिजिटल पोर्टल लॉन्च कर दिया गया है।
सरकार ने औषधीय पौधों की खेती को व्यवस्थित रूप से बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक डिजिटल पोर्टल (e-portal) का की शुरूआत की है। इस पहल के ज़रिए कृषि क्षेत्र में जैव विविधता को सशक्त करना और औषधीय पौधों से जुड़े लाभ साझा करने व छूट (incentives/exemptions) से संबंधित मूल प्रमाण पत्र (Origin Certificate) को ई-लीगल रूप से किसानों, व्यवसायियों और शोध संस्थानों को उपलब्ध कराया जाएगा।
इस पोर्टल को राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण (National Biodiversity Authority – NBA) ने विकसित किया है। यहाँ पर आवेदन, प्रमाण पत्र जारी करना और डाउनलोड करना आसान हो जाएगा। साथ ही ऑनलाइन रिकॉर्ड ट्रैकिंग जैसी सुविधाएँ भी मिलेंगी। यह प्रमाण पत्र खेती किए जाने वाले औषधीय पौधों और उनसे जुड़े लाभ साझा करने के अधिकार के लिए जरूरी होता है।
डिजिटल पोर्टल के फायदे
औषधीय पौधों की खेती में आने वाली कई चुनौतियों में से एक यह है कि किसानों और उद्यमियों को आधिकारिक प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए कागज़, समय और बोझिल प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता था। इससे छूट, लाइसेंस, बीज और बाजार पहुंच से जुड़ी सुविधाएँ धीमी और जटिल हो जाती थीं। अब डिजिटल पोर्टल के ज़रिये यह पूरा काम घर बैठे ऑनलाइन किया जा सकेगा, जिससे समय, मेहनत और संसाधन दोनों की बचत होगी।
यह पोर्टल आवेदकों को प्रमाण पत्र के डिजिटल उपयोग और डाउनलोड की सुविधा देगा, जिससे वे आसानी से सरकारी योजनाओं में आवेदन कर सकेंगे, औषधीय पौधों से जुड़े नियमित लाभ प्राप्त कर सकेंगे और अनुसंधान व व्यापारिक गतिविधियों में इसका इस्तेाल कर सकेंगे।
ये भी पढ़ें: ओडिशा के इस ज़िले में पहली बार हो रही स्ट्रॉबेरी की खेती, खुल रहे कमाई के नए रास्ते
इस ऑनलाइन पोर्टल की नींव जैव विविधता (संशोधन) अधिनियम, 2023 पर आधारित है, जिसे बाद में जैव विविधता नियमों के साथ लागू किया गया। तब से अब तक यह सुनिश्चित किया गया है कि जैव विविधता से जुड़े हितधारकों (stakeholders) की प्रक्रियाएँ सरल, पारदर्शी और डिजिटल-फर्स्ट हों, सभी किसान, शोधकर्ता और उद्यमी बिना जटिलता के सरकारी प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकें।
ऐसे करें इस्तेमाल
इस पोर्टल का उपयोग बेहद आसान है सबसे पहले पोर्टल पर जाकर अपने आवेदन को सबमिट करें। ज़रूरी दस्तावेज़ अपलोड करें। ऑनलाइन मूल प्रमाण पत्र जारी होने पर इसे डाउनलोड कर लें। प्रमाण पत्र का उपयोग सरकारी योजनाओं के लाभ लेने में कर सकते हैं। प्रमाण पत्र डाउनलोड करने के लिए यह लिंक इस्तेमाल किया जा सकता है: absefiling.nbaindia.in
किसानों और शोधकर्ताओं के लिए यह ज़रूरी क्यों है?
यह पोर्टल औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा देगा और आधिकारिक मान्यता को आसान करेगा। इससे किसानों को बाज़ार, बीज और अनुसंधान गतिविधियों के लिए ज़रूरी लाभ प्राप्त करने में मदद मिलेगी। डिजिटल पोर्टल से समय-समय पर रिकॉर्ड, ट्रैकिंग और अपडेट भी स्व-सेवा आधारित मिलेंगे। नैतिक व जैव-सुरक्षा नियमों के अनुरूप खेती को सुविधाजनक बनाया जाएगा।
ये भी पढ़ें: सूखे इलाकों में बढ़िया पैदावार देगी बाजरे की नई क़िस्म, बीमारियों से भी नहीं होगा नुकसान




