गुरूवार, 26 नवम्बर 2026
कार्तिक मास · धान कटने लगा है, शामें ठंडी
ग्रामीण ख़बरें

Mango Farming: बदलता मौसम किसानों के लिए बड़ी चुनौती, मंजर झुलसा रोग (ब्लॉसम ब्लाइट) से तबाह आम के बाग

इस वर्ष मंजर झुलसा रोग ने आम के उत्पादन पर गंभीर असर डाला है, लेकिन अभी भी जिन बागों में मंजर बचे हैं, वहाँ सही समय पर उठाए गए कदम नुकसान को काफी हद तक कम कर सकते हैं। ऐसी परिस्थितियों में जागरूकता, वैज्ञानिक सलाह और समय पर कार्रवाई ही किसानों को नुकसान से बचा सकती है।

· · 2 मिनट

Mango Farming: बदलता मौसम किसानों के लिए बड़ी चुनौती, मंजर झुलसा रोग (ब्लॉसम ब्लाइट) से तबाह आम के बाग

इस वर्ष मौसम के लगातार बदलते मिजाज ने आम उत्पादक किसानों की चिंता बढ़ा दी है। असामान्य वर्षा, अधिक नमी, लंबे समय तक बादल छाए रहना और मध्यम तापमान जैसी परिस्थितियों ने आम के बागों में मंजर झुलसा यानी ब्लॉसम ब्लाइट रोग को तेजी से फैलने का मौका दिया। कई क्षेत्रों में हालात इतने खराब हो गए कि पेड़ों पर लगे मंजर लगभग पूरी तरह झुलस गए, जिससे फल बनने की संभावना खत्म हो गई। इस स्थिति ने खासतौर पर उन किसानों को ज्यादा प्रभावित किया है, जिनकी आजीविका आम की फसल पर निर्भर है।

क्या है ब्लॉसम ब्लाइट (मंजर झुलसा) रोग?

ब्लॉसम ब्लाइट (मंजर झुलसा) एक फफूंद जनित रोग है, जो विशेष रूप से फूल आने के समय सक्रिय होता है। इस साल जिन इलाकों में फूल आने के दौरान नमी अधिक रही, हल्की बारिश होती रही और धूप कम निकली, वहाँ यह रोग तेजी से फैलता हुआ दिखाई दिया। शुरुआत में मंजर के छोटे-छोटे फूलों पर भूरे या काले धब्बे दिखाई देते हैं, जो धीरे-धीरे पूरे पुष्पक्रम को प्रभावित कर देते हैं। जैसे-जैसे संक्रमण बढ़ता है, पूरा मंजर सूखकर काला पड़ जाता है और कई बार झड़ भी जाता है। इस स्थिति में फल बनने की संभावना लगभग समाप्त हो जाती है।

उचित प्रबंधन है जरूरी

हालांकि कई बागों में नुकसान बहुत अधिक हो चुका है, फिर भी कुछ स्थानों पर मंजर आंशिक रूप से सुरक्षित हैं और फल बनने की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है। ऐसे बागों के लिए यह समय बेहद महत्वपूर्ण है। यदि किसान अभी सतर्क होकर उचित प्रबंधन अपनाएं, तो शेष बचे मंजरों को बचाया जा सकता है और उत्पादन में होने वाले नुकसान को कुछ हद तक कम किया जा सकता है।

शेष बचे मंजरों को बचाने के उपाय

डॉ. एस. के. सिंह (विभागाध्यक्ष, पौध रोग एवं सूत्रकृमि विभाग, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय) के अनुसार, इस समय घबराने की बजाय वैज्ञानिक प्रबंधन अपनाना सबसे जरूरी है। किसानों को चाहिए कि वे बागों में अनावश्यक नमी जमा न होने दें, जल निकासी की उचित व्यवस्था करें और घने पेड़ों में हवा के आवागमन को सुनिश्चित करें। इसके अलावा संक्रमित मंजर और टहनियों को पहचानकर समय पर हटाना भी रोग के फैलाव को रोकने में मददगार हो सकता है।

फफूंदनाशकों का सही समय पर छिड़काव

इस विषय पर किसानों को जागरूक करने के लिए विशेषज्ञों द्वारा लगातार जानकारी साझा की जा रही है। 8 मार्च से अब तक इस रोग की पहचान, इसके फैलने के कारण, मौसम का प्रभाव, फफूंदनाशकों के चयन और छिड़काव की सही तकनीक जैसे विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया है, जिससे किसान समय रहते सही निर्णय ले सकें।

रोग नियंत्रण के लिए अनुशंसित और लेबल क्लेम फफूंदनाशकों का सही समय पर छिड़काव करना बेहद जरूरी है। छिड़काव की सही विधि और समय का पालन करने से संक्रमण को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। साथ ही समेकित रोग प्रबंधन (Integrated Disease Management) अपनाना भी दीर्घकालिक समाधान के रूप में कारगर साबित हो सकता है।

और पढ़िए

  1. ग्रामीण ख़बरें

    एग्रोटेक 2026 : यूपी की राजधानी में जुटेंगे कृषि इनोवेशन के शीर्ष दिग्गज; निवेश की संभावनाओं की तलाश

    उत्तर प्रदेश में निवेश, व्यापार, तकनीकी सहयोग और नई संभावनाओं पर होगी चर्चा। लखनऊ में जुटेंगे कृषि क्षेत्र के दिग्गज, देश-विदेश के…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख
  2. ग्रामीण ख़बरें

    Agri Business में किसान सबसे ज़्यादा कहाँ फँसते हैं, क्या हैं वो सात कारण?

    कृषि में सफलता पाने के लिए सही योजना और तैयारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। कई किसान सब्सिडी को तुरंत मिलने वाले पैसे समझते…

    Gaon Connection · 5 मिनटलेख
  3. ग्रामीण ख़बरें

    यूपी के लिए गन्ने की दो नई किस्में, अच्छा उत्पादन और रोगों से लड़ने में बेहतर

    अक्टूबर में होने वाले 'मिठास मेला-2026' के दौरान, नई गन्ना किस्मों ('Co.Sha. 23232' और 'Co.Sha. 19231) के मिनी बीज किट किसानों को…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख