शुक्रवार, 27 नवम्बर 2026
कार्तिक मास · धान कटने लगा है, शामें ठंडी
ग्रामीण ख़बरें

Makhana Export: अमेरिका से यूएई तक बढ़ी मांग, भारत का मखाना बना ग्लोबल स्नैक, 12 हजार करोड़ तक पहुँच सकता है बाज़ार

मखाने का उत्पादन और उसकी मांग तेजी से बढ़ रही है, जिससे यह भारतीय कृषि में एक नई पहचान बना रहा है। भारत इस फसल का सबसे बड़ा उत्पादक है और इसके निर्यात में लगातार वृद्धि दिख रही है। सरकार मखाना उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग करने की योजना बना रही है।

· · 3 मिनट

Makhana Export: अमेरिका से यूएई तक बढ़ी मांग, भारत का मखाना बना ग्लोबल स्नैक, 12 हजार करोड़ तक पहुँच सकता है बाज़ार

मखाना अब सिर्फ़ बिहार की पारंपरिक फसल नहीं रह गया है। स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता और हेल्दी स्नैक्स की बढ़ती मांग ने इसे देश-दुनिया में एक प्रीमियम खाद्य उत्पाद बना दिया है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा मखाना उत्पादक देश है और वैश्विक आपूर्ति में करीब 80-85 फ़ीसदी हिस्सेदारी रखता है। देश के कुल उत्पादन में बिहार की हिस्सेदारी लगभग तीन-चौथाई है। 2024-25 में भारत में 63,910 मीट्रिक टन मखाना पैदा हुआ था, जो 2025-26 के दूसरे अग्रिम अनुमान में बढ़कर 80,590 मीट्रिक टन हो गया। बिहार का उत्पादन इस दौरान करीब 60,000 मीट्रिक टन रहा।

मखाने की बढ़ती मांग अब किसानों, कारोबारियों और सरकार के लिए भी इसे एक अहम कृषि-खाद्य क्षेत्र बना रही है। 2021-22 से 2024-25 के बीच घरेलू मखाना बाज़ार में करीब 17-18 फ़ीसदी सालाना वृद्धि हुई, जबकि इसकी औसत कीमत 2020-22 के करीब 500 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 2025 में लगभग 1,250 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। सरकार ने भी इस क्षेत्र को आधुनिक बनाने के लिए राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की स्थापना और 2025-26 से 2030-31 तक 476.03 करोड़ रुपये की केंद्रीय क्षेत्र योजना को मंज़ूरी दी है।

बढ़ती मांग से कीमत और बाज़ार दोनों में उछाल

अनुमान है कि 2029-30 तक मखाना बाज़ार 11,000-12,000 करोड़ रुपये तक पहुँच सकता है। भारत में पॉप्ड मखाने की घरेलू खपत करीब 3,000-3,500 मीट्रिक टन प्रति माह है, जो त्योहारों के दौरान करीब 5,000 मीट्रिक टन तक पहुँच जाती है। ब्रांडेड एफएमसीजी और संगठित स्नैक कंपनियाँ हर महीने 1,800-2,000 मीट्रिक टन की खपत करती हैं, जबकि खुला और असंगठित बाज़ार करीब 1,200-1,400 मीट्रिक टन खपत करता है। ‘मिथिला मखाना’ को जीआई टैग मिलने से इसकी विशिष्ट पहचान और ब्रांडिंग को भी मज़बूती मिली है।

एक्सपोर्ट में अमेरिका सबसे आगे, प्रीमियम मार्केट की भी संभावना

मखाना अब विदेशी बाज़ारों में भी भारत की पहचान बना रहा है। 2025 में डीजीएफ़टी ने पॉप्ड मखाना और दूसरे मखाना उत्पादों के लिए अलग एचएसएन कोड जारी किए। 2025-26 में भारत ने 7,264.89 मीट्रिक टन मखाना उत्पादों का निर्यात किया, जिसका मूल्य 19,296.08 लाख रुपये रहा। अमेरिका, कनाडा और संयुक्त अरब अमीरात मिलकर करीब 77 % निर्यात बाज़ार रखते हैं। वहीं जर्मनी, नेपाल और ऑस्ट्रेलिया जैसे छोटे बाज़ारों में प्रति किलोग्राम अधिक कीमत मिल रही है। इससे भारत के लिए नए और प्रीमियम बाज़ारों में निर्यात बढ़ाने की गुंजाइश बनती है।

किसानों के लिए 476 करोड़ की योजना, खेती से प्रोसेसिंग तक बदलने की तैयारी

मखाना क्षेत्र को आधुनिक बनाने के लिए सरकार ने 2025-26 से 2030-31 तक 476.03 करोड़ रुपये की केंद्रीय क्षेत्र योजना को मंज़ूरी दी है। योजना के तहत 2025-26 में 30 करोड़ और 2026-27 में 90 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। बेहतर बीज, अनुसंधान, किसानों की ट्रेनिंग, कटाई के बाद की तकनीक, मूल्य संवर्धन, ब्रांडिंग, मार्केटिंग, निर्यात और गुणवत्ता नियंत्रण पर काम किया जाएगा। अब तक 1,010 हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र को मखाने की खेती में लाया गया है, 73 हेक्टेयर को बीज उत्पादन कार्यक्रम में शामिल किया गया है और 89 फ्रंटलाइन प्रदर्शन किए गए हैं। 2025-26 में 8,159 किसान इस योजना से लाभान्वित हुए। राष्ट्रीय मखाना बोर्ड और राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र भी इस क्षेत्र को आधुनिक बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

तालाब से ग्लोबल स्नैक तक: तकनीक से बढ़ेगी किसानों की कमाई

मखाने की खेती अभी भी काफी श्रम-प्रधान है। तालाब की तैयारी, बीज डालना, फसल प्रबंधन और पानी के भीतर से बीज निकालने के बाद सफ़ाई, सुखाने, भूनने, पॉपिंग, ग्रेडिंग और पैकेजिंग की प्रक्रिया होती है। अब फ्लेवर्ड मखाना, रेडी-टू-ईट स्नैक्स और मखाना आटा जैसे मूल्यवर्धित उत्पाद भी तैयार किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र ने उन्नत किस्मों के साथ मखाना-सह-मछली पालन और जल-कुशल खेती जैसी तकनीकों को बढ़ावा दिया है। संस्थान ने किसानों और संस्थानों को 15,824.1 किलोग्राम उन्नत बीज उपलब्ध कराए और 2012 से 2023 के बीच 3,000 से अधिक किसानों को प्रशिक्षण दिया। मखाने में प्रोटीन, फ़ाइबर, मैग्नीशियम, पोटैशियम, फ़ॉस्फ़ोरस और आयरन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। ऐसे में बेहतर तकनीक, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग और किसानों की बाज़ार तक पहुँच बढ़ती है, तो मखाना किसानों की आमदनी, ग्रामीण रोज़गार और भारत के कृषि-खाद्य निर्यात—तीनों को नई रफ़्तार दे सकता है

और पढ़िए

  1. ग्रामीण ख़बरें

    एग्रोटेक 2026 : यूपी की राजधानी में जुटेंगे कृषि इनोवेशन के शीर्ष दिग्गज; निवेश की संभावनाओं की तलाश

    उत्तर प्रदेश में निवेश, व्यापार, तकनीकी सहयोग और नई संभावनाओं पर होगी चर्चा। लखनऊ में जुटेंगे कृषि क्षेत्र के दिग्गज, देश-विदेश के…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख
  2. ग्रामीण ख़बरें

    Agri Business में किसान सबसे ज़्यादा कहाँ फँसते हैं, क्या हैं वो सात कारण?

    कृषि में सफलता पाने के लिए सही योजना और तैयारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। कई किसान सब्सिडी को तुरंत मिलने वाले पैसे समझते…

    Gaon Connection · 5 मिनटलेख
  3. ग्रामीण ख़बरें

    यूपी के लिए गन्ने की दो नई किस्में, अच्छा उत्पादन और रोगों से लड़ने में बेहतर

    अक्टूबर में होने वाले 'मिठास मेला-2026' के दौरान, नई गन्ना किस्मों ('Co.Sha. 23232' और 'Co.Sha. 19231) के मिनी बीज किट किसानों को…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख