Bihar Makhana: बिहार में मखाना अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन, उत्पादन दोगुना करने की तैयारी
पूसा, बिहार में मखाना अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन हुआ है, जो किसानों को प्रशिक्षण देगा। मखाना अब घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी से पहचान बना रहा है। दो दिवसीय कार्यक्रम में वैज्ञानिकों, किसानों और छात्रों ने भाग लेकर उत्पादन, गुणवत्ता सुधार, प्रोसेसिंग और निर्यात जैसे विषयों पर चर्चा की। विश्वविद्यालय ने 17 वैज्ञानिकों की टीम बनाकर मखाना की पूरी वैल्यू चेन पर काम शुरू किया है, जिसका लक्ष्य उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाकर किसानों की आय में वृद्धि करना है।
Makhana Research Center Bihar: केंद्र सरकार द्वारा मखाना बोर्ड के गठन के बाद अब बिहार में मखाना उत्पादन को नई दिशा देने की पहल तेज हो गई है। इसी कड़ी में डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा में मखाना अनुसंधान एवं विकास उत्कृष्ट केंद्र की स्थापना की गई, जिसका उद्घाटन केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने किया। इस अवसर पर “मखाना अनुसंधान एवं विकास” विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया, जिसमें बिहार सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए किसान, वैज्ञानिक, शोधकर्ता और छात्रों ने भाग लिया।
मखाने की डिमांड मार्किट में बढ़ी
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि मखाना अब केवल पारंपरिक फसल नहीं रह गया है, बल्कि यह हर घर की पसंद बन चुका है। शादी-ब्याह से लेकर छोटे-बड़े समारोहों तक मखाना एक लोकप्रिय व्यंजन के रूप में परोसा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने मखाना को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का काम किया है, जिससे इसके निर्यात और मांग दोनों में वृद्धि हुई है।
किसानों और उद्धमियों के लिए लाभ
मंत्री ने प्राकृतिक खेती और डिजिटल एग्रीकल्चर को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने प्राकृतिक खेती, डिजिटल कृषि और दीक्षारंभ कार्यक्रम जैसे नवाचारों के माध्यम से देश को नई दिशा दिखाई है। अब मखाना अनुसंधान के क्षेत्र में भी यह संस्थान अग्रणी भूमिका निभाएगा। उनका कहना था कि मखाना अनुसंधान एवं विकास उत्कृष्ट केंद्र उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे किसानों और उद्यमियों दोनों को लाभ होगा।
इस मौके पर मखाना पर समग्र शोध के लिए 17 वैज्ञानिकों की एक विशेष टीम बनाई गई है, जो बीज उत्पादन से लेकर प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, विपणन और निर्यात तक पूरी वैल्यू चेन पर काम करेगी। इस टीम में कृषि विज्ञान, कृषि अभियांत्रिकी, प्रबंधन और प्रसार के विशेषज्ञ शामिल हैं। यह केंद्र मखाना की उन्नत किस्मों के विकास, बेहतर उत्पादन तकनीक और फसल कटाई के बाद प्रबंधन पर विशेष ध्यान देगा। इससे मखाना की गुणवत्ता और उपज दोनों में सुधार होगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कुलपति की महत्वाकांक्षा मखाना उत्पादन को दोगुना करने की है, जिसके लिए सभी वैज्ञानिकों को समन्वित प्रयास करना होगा।
देश की पहचान बना मखाना
दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी में तकनीकी सत्र, शोध पत्र प्रस्तुतियां और चर्चा के माध्यम से मखाना उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। लगभग तीन सौ से अधिक किसानों और देश भर से आए वैज्ञानिकों की भागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि मखाना अब केवल बिहार की पहचान नहीं, बल्कि देश की उभरती हुई कृषि शक्ति बनता जा रहा है। यह पहल निश्चित रूप से मखाना किसानों की आय बढ़ाने और भारत को वैश्विक मखाना बाजार में मजबूत स्थिति दिलाने में सहायक सिद्ध होगी।




