शुक्रवार, 20 नवम्बर 2026
कार्तिक मास · धान कटने लगा है, शामें ठंडी
ग्रामीण ख़बरें

लखनऊ में चालू हैं पॉलीथीन फैक्ट्रियां

· · 2 मिनट

लखनऊ में चालू हैं पॉलीथीन फैक्ट्रियां

लखनऊ। पर्यावरण को बचाने के लिए लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में जोर-शोर से शुरू किया गया पॉलीथीन पर प्रतिबंध का अभियान किसी काम का नहीं साबित हुआ। सब्जी के ठेलों से लेकर बड़ी-बड़ी दुकानों तक खुलेआम पॉलीथीन का प्रयोग हो रहा है। हालत यह है कि अब तो लखनऊ में कुछ दिन बंद रही पॉलीथीन बनाने की फैक्ट्रियां भी धड़ल्ले से चालू हो गई हैं।

पॉलीथीन से बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने पॉलीथीन के इस्तेमाल पर 21 जनवरी को प्रतिबंध लगा दिया था। कुछ दिन तक शहर में दुकानदारों पर छापेमारी की गई। नियम न मानने वाले दुकानों से जुर्माना भी वसूला गया है। फैक्ट्रियों पर ताले भी लगाए गए, लेकिन अब अभियान पूरी तरह से ठप हो चुका है।

गाँव कनेक्शन की संवाददाता ने नरही व अहियागंज की दुकानों में पॉलीथिन मांगी तो बिना किसी संकोच के दुकानदारों ने दे दी। नरही में थोक विक्रेता सवित्री कुमार ने बताया, “बीच में कुछ दिनों कारोबार मंदा रहा था, लेकिन अब कोई दिक्कत नहीं है। दिनभर में पांच-छह पैकेट (5-6 किलो) बिक जाते हैं”। नरही में फल, सब्जी और मछली समेत कई मंडिया हैं, यहां धड़ल्ले से पॉलीबैग का प्रयोग होता है।

वर्ल्ड वाच इंस्टीट्यूट के अनुमान के अनुसार भारत में औसतन प्रति वर्ष प्रत्येक व्यक्ति तीन किलोग्राम प्लास्टिक का उपयोग करता है। प्रदेश में पॉलीथीन पर है पूर्ण प्रतिबंध के तहत रेहड़ी-खोमचे वाले, सब्जी वाले, मिठाई और कपड़े के दुकानदार खाद्य पदार्थ या अखाद्य पदार्थ का पॉलीथीन में भंडारण नहीं करेगा। इसके साथ ही किसी भी प्रकार की पॉलीथीन का निर्माण, विपणन, बिक्री या व्यापार नहीं कर सकेगा। इसमें पॉली प्रॉपलीन न बुने हुए फैब्रिक प्रकार के पॉलीबैग भी शामिल हैं। 40 माइक्रॉन से कम पतली पॉलीथीन पर्यावरण और सेहत दोनों के लिए बेहद खतरनाक है।

पॉलीथिन बनाने, बेचने, भंडारण और इस्तेमाल करने पर पांच साल तक जेल और एक लाख रुपए जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। यदि दोषसिद्ध होने के एक साल बाद भी उल्लंघन जारी रहता है तो जेल की अवधि सात साल तक बढ़ायी जा सकती है।

और पढ़िए

  1. ग्रामीण ख़बरें

    एग्रोटेक 2026 : यूपी की राजधानी में जुटेंगे कृषि इनोवेशन के शीर्ष दिग्गज; निवेश की संभावनाओं की तलाश

    उत्तर प्रदेश में निवेश, व्यापार, तकनीकी सहयोग और नई संभावनाओं पर होगी चर्चा। लखनऊ में जुटेंगे कृषि क्षेत्र के दिग्गज, देश-विदेश के…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख
  2. ग्रामीण ख़बरें

    Agri Business में किसान सबसे ज़्यादा कहाँ फँसते हैं, क्या हैं वो सात कारण?

    कृषि में सफलता पाने के लिए सही योजना और तैयारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। कई किसान सब्सिडी को तुरंत मिलने वाले पैसे समझते…

    Gaon Connection · 5 मिनटलेख
  3. ग्रामीण ख़बरें

    यूपी के लिए गन्ने की दो नई किस्में, अच्छा उत्पादन और रोगों से लड़ने में बेहतर

    अक्टूबर में होने वाले 'मिठास मेला-2026' के दौरान, नई गन्ना किस्मों ('Co.Sha. 23232' और 'Co.Sha. 19231) के मिनी बीज किट किसानों को…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख