शुक्रवार, 20 नवम्बर 2026
कार्तिक मास · धान कटने लगा है, शामें ठंडी
ग्रामीण ख़बरें

जापान ने भारतीय आमों पर लगाई रोक, अल्फांसो समेत कई प्रीमियम किस्मों का निर्यात प्रभावित, जानिए मामले की वजह

जापान ने भारतीय आमों के आयात पर रोक लगा दी है। भारत के आम निर्यात उपचार केंद्रों में कीट नियंत्रण में खामियां पाई गई हैं। इससे अल्फांसो, केसर जैसी प्रीमियम किस्मों का निर्यात प्रभावित होगा। यह रोक ऐसे समय आई है जब आम का सीजन अपने चरम पर है। किसान पहले से ही मौसम की मार झेल रहे हैं।

· · 3 मिनट

जापान ने भारतीय आमों पर लगाई रोक, अल्फांसो समेत कई प्रीमियम किस्मों का निर्यात प्रभावित, जानिए मामले की वजह

भारत के आम निर्यात को बड़ा झटका लगा है। जापान ने भारतीय आमों के आयात पर अस्थायी रोक लगा दी है। यह फैसला भारत के निर्यात उपचार (ट्रीटमेंट) केंद्रों में कीट नियंत्रण प्रक्रियाओं में खामियां पाए जाने के बाद लिया गया है। इससे अल्फांसो, केसर, लंगड़ा और बंगनपल्ली जैसी प्रीमियम भारतीय आम किस्मों का निर्यात प्रभावित होगा। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब आम का सीजन अपने चरम पर है और किसान पहले से ही मौसम की मार झेल रहे हैं।

निरीक्षण में मिलीं संचालन संबंधी अनियमितताएं

रिपोर्ट्स के अनुसार, जापानी अधिकारियों ने इस साल की शुरुआत में भारत के वेपर हीट ट्रीटमेंट (VHT) केंद्रों का निरीक्षण किया था। इन केंद्रों में निर्यात से पहले आमों को कीटमुक्त बनाने की प्रक्रिया पूरी की जाती है, ताकि फल मक्खी (फ्रूट फ्लाई) जैसे हानिकारक कीटों का खतरा खत्म हो सके। निरीक्षण के दौरान कुछ संचालन संबंधी अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद जापान ने भारतीय आमों की खेपों को लेकर चिंता जताई।

फल मक्खी को लेकर जापान की सख्त नीति

जापान की कृषि व्यवस्था में फल मक्खी जैसे बाहरी कीटों को लेकर शून्य-सहनशीलता (Zero Tolerance) नीति अपनाई जाती है। माना जा रहा है कि इसी वजह से जापानी अधिकारियों ने सख्त कदम उठाते हुए आयात पर रोक लगाने का फैसला किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, योकोहामा प्लांट प्रोटेक्शन अथॉरिटी ने आयातकों को सूचित किया है कि 25 मार्च 2026 के बाद जारी किए गए निरीक्षण प्रमाणपत्रों वाली भारतीय आमों की खेप स्वीकार नहीं की जाएगी।

करीब 20 साल बाद लगा बड़ा प्रतिबंध

करीब 20 वर्षों में यह पहला मौका है, जब जापान ने भारतीय आमों पर इतना बड़ा प्रतिबंध लगाया है। इससे पहले भी फल मक्खी के संक्रमण को लेकर जापान ने भारतीय आमों पर रोक लगाई थी, जिसे भारत द्वारा अपनी उपचार और प्रमाणन प्रणाली मजबूत करने के बाद वर्ष 2006 में हटा लिया गया था।

निर्यात से ज्यादा साख पर असर की चिंता

हालांकि जापान भारतीय आमों का सबसे बड़ा विदेशी बाजार नहीं है, लेकिन विशेषज्ञ इसे भारतीय कृषि निर्यात की साख के लिए झटका मान रहे हैं। निर्यातकों को आशंका है कि इस फैसले के बाद अन्य देशों में भी भारत की गुणवत्ता नियंत्रण और निर्यात अनुपालन व्यवस्था को लेकर जांच बढ़ सकती है।

अल नीनो और गर्मी से पहले ही परेशान हैं किसान

इस बीच महाराष्ट्र के अल्फांसो उत्पादक क्षेत्रों में किसान पहले से ही भीषण गर्मी और अल नीनो से जुड़े मौसमीय प्रभावों के कारण फसल नुकसान झेल रहे हैं। कुछ क्षेत्रों में 85 से 90 प्रतिशत तक उत्पादन प्रभावित होने का अनुमान है। ऐसे में जापान की रोक ने किसानों और निर्यातकों की चिंता और बढ़ा दी है।

समाधान की दिशा में होगी कोशिश

भारत दुनिया का सबसे बड़ा आम उत्पादक देश है और हर साल करीब 2.8 करोड़ टन आम का उत्पादन करता है। अब उम्मीद की जा रही है कि भारतीय अधिकारी जापानी नियामकों के साथ बातचीत कर जल्द समाधान निकालने की कोशिश करेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि निर्यात उपचार केंद्रों की निगरानी, दस्तावेजी प्रक्रिया और कीट नियंत्रण मानकों को और मजबूत कर जापानी बाजार तक दोबारा पहुंच बनाई जा सकती है।

और पढ़िए

  1. ग्रामीण ख़बरें

    एग्रोटेक 2026 : यूपी की राजधानी में जुटेंगे कृषि इनोवेशन के शीर्ष दिग्गज; निवेश की संभावनाओं की तलाश

    उत्तर प्रदेश में निवेश, व्यापार, तकनीकी सहयोग और नई संभावनाओं पर होगी चर्चा। लखनऊ में जुटेंगे कृषि क्षेत्र के दिग्गज, देश-विदेश के…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख
  2. ग्रामीण ख़बरें

    Agri Business में किसान सबसे ज़्यादा कहाँ फँसते हैं, क्या हैं वो सात कारण?

    कृषि में सफलता पाने के लिए सही योजना और तैयारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। कई किसान सब्सिडी को तुरंत मिलने वाले पैसे समझते…

    Gaon Connection · 5 मिनटलेख
  3. ग्रामीण ख़बरें

    यूपी के लिए गन्ने की दो नई किस्में, अच्छा उत्पादन और रोगों से लड़ने में बेहतर

    अक्टूबर में होने वाले 'मिठास मेला-2026' के दौरान, नई गन्ना किस्मों ('Co.Sha. 23232' और 'Co.Sha. 19231) के मिनी बीज किट किसानों को…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख