शुक्रवार, 20 नवम्बर 2026
कार्तिक मास · धान कटने लगा है, शामें ठंडी
ग्रामीण ख़बरें

AI से बनी नकली तस्वीर या वीडियो की सच्चाई कैसे जाँचें? जानिए इन टूल्स के बारें में जो आपको भ्रमित होने से बचा सकतें हैं

आज के इस डिजिटल ज़माने में Artificial Intelligence इतनी आगे बढ़ गई है कि नकली तस्वीरें, वीडियो और आवाज़ें बनाना बेहद आसान हो गया है। इन नकली तस्वीरों और वीडियो से झूठी खबरें फैलाई जा रही हैं, लोगों को ठगा जा रहा है। ऐसे में असली और नकली वीडियो और तस्वीरों को परख़ने के लिए आज हम ऐसे AI टूल्स के बारें में जानेंगे जो आपको धोखाधड़ी और भ्रमित होने से बचा सकतें हैं।

· · 5 मिनट

AI से बनी नकली तस्वीर या वीडियो की सच्चाई कैसे जाँचें? जानिए इन टूल्स के बारें में जो आपको भ्रमित होने से बचा सकतें हैं

पहले समझते हैं कि यह मामला कितना गंभीर है। कुछ साल पहले तक नकली तस्वीरें बनाना एक मुश्किल काम था जो सिर्फ माहिर लोग ही कर सकते थे। लेकिन आज Midjourney, Stable Diffusion और DALL-E जैसे AI टूल्स ने यह काम इतना आसान कर दिया है कि एक आम आदमी भी कुछ ही सेकंड में एकदम असली दिखने वाली नकली तस्वीर बना सकता है। वीडियो के मामले में भी Sora और Kling जैसी तकनीक ने सब बदल दिया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक 2025 में इंटरनेट पर फैले नकली वीडियो की तादाद 2023 के मुकाबले सोलह गुना बढ़ गई है। किसी नेता का झूठा भाषण, किसी की क्लोन की हुई आवाज़ से फोन पर ठगी, या किसी बेगुनाह की बनावटी तस्वीर से बदनामी ये सब आज की कड़वी सच्चाई है। इसीलिए इन टूल्स के बारे में जानना अब ज़रूरी हो गया है।

सबसे पहले इन्हें जानिए

Hive Moderation

Hive Moderation आज के सबसे भरोसेमंद और लोकप्रिय जाँच-मंचों में से एक है। इसे इस्तेमाल करना बेहद आसान है। बस hivemoderation.com/demo खोलें, अपनी संदिग्ध तस्वीर या वीडियो अपलोड करें, और कुछ ही पलों में यह बता देगा कि यह कंटेंट असली है या किसी मशीन ने बनाया है। यह Midjourney, DALL-E और Stable Diffusion से बनी तस्वीरों को आसानी से पकड़ लेता है। सबसे अच्छी बात यह है कि यह बिना किसी पंजीकरण के मुफ्त में उपलब्ध है और परिणाम के साथ एक “भरोसे का अंक” भी देता है, जैसे “92% नकली।” यह आम लोगों से लेकर पत्रकारों तक सभी के काम आता है।

Reality Defender

Reality Defender एक पेशेवर स्तर का टूल है जो सरकारें, बड़े मीडिया संस्थान और बैंक इस्तेमाल करते हैं। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह तस्वीर, वीडियो और आवाज़ तीनों की एक साथ जाँच कर सकता है। यह असली समय में नकली चेहरे पकड़ता है और हर महीने पचास जाँच मुफ्त देता है। अगर आप किसी खबर की सच्चाई जाँचना चाहते हैं, तो यह टूल आपके लिए सबसे काम का है। इसकी वेबसाइट realitydefender.com पर जाकर आप इसे आज़मा सकते हैं।

Sensity AI

Sensity AI एक ऐसा टूल है जो न केवल तस्वीर की बाहरी बनावट देखता है, बल्कि उसकी फाइल की अंदरूनी संरचना, छुपा हुआ डेटा और आवाज़ के संकेत सभी की एक साथ जाँच करता है। इसके नतीजे इतने गहरे और विस्तृत होते हैं कि अदालत में सबूत के तौर पर भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं। यह उन लोगों के लिए है जिन्हें कानूनी मामलों में या गहरी तहकीकात में इस टूल की ज़रूरत हो।

Intel का FakeCatcher

Intel ने एक अनोखी तकनीक विकसित की है जिसे हिंदी में “रक्त-प्रवाह विश्लेषण” कह सकते हैं। यह वीडियो में इंसान की त्वचा में खून के बहाव के बेहद सूक्ष्म बदलावों को पकड़ता है, जो एक असली इंसान में तो होते हैं, लेकिन किसी नकली AI वीडियो में नहीं। इसकी सटीकता छियानवे प्रतिशत तक है और यह मिलीसेकंड में नतीजा देता है। इसकी सबसे बड़ी ताकत यही है कि यह वो “जीवन की निशानी” ढूंढता है जो कोई भी AI नकल नहीं कर सकती।

AI or Not

जो लोग तकनीक में ज़्यादा माहिर नहीं हैं, उनके लिए aiornot.com एक वरदान है। यह सबसे सरल और तेज़ टूल है जिसमे बस तस्वीर अपलोड करें और एक ही क्लिक में जवाब मिलता है। यह सोशल मीडिया पर नकली प्रोफाइल फोटो पकड़ने के लिए बेहद उपयोगी है और बिल्कुल मुफ्त है।

FotoForensics

FotoForensics.com एक बिल्कुल मुफ्त टूल है जो “त्रुटि स्तर विश्लेषण” यानी Error Level Analysis तकनीक से काम करता है। यह तस्वीर के हर हिस्से की अलग-अलग जाँच करता है और जहाँ भी कोई बदलाव या छेड़छाड़ हुई हो, वो हिस्सा अलग रंग में चमकने लगता है। फोटोशॉप से की गई Editing हो या AI से बनाई गई तस्वीर यह दोनों पकड़ता है। हालाँकि इसके नतीजे समझने के लिए थोड़ी प्रैक्टिस ज़रूरी है।

बिना टूल के आँखों से पहचानें

अगर कोई औज़ार उपलब्ध न हो, तो ध्यान से देखने पर भी AI की कमज़ोरियाँ नज़र आ जाती हैं। AI अभी भी हाथों और उंगलियों को सही तरीके से नहीं बना पाता ज़्यादा उंगलियाँ, टेढ़ी-मेढ़ी बनावट या अजीब आकार अक्सर दिख जाता है। आँखों में वो स्वाभाविक चमक नहीं होती जो असली इंसान की आँखों में होती है। तस्वीर के पीछे दीवार पर लिखे शब्द अक्सर टेढ़े, बेमतलब होते हैं क्योंकि AI अभी भी अक्षरों को ठीक से नहीं बना पाता। बालों की बनावट असामान्य होती है और कानों का आकार अजीब लगता है। नकली वीडियो में होंठों और आवाज़ का तालमेल अक्सर गड़बड़ होता है, पलकें झपकाने का तरीका अस्वाभाविक होता है और त्वचा पर रोशनी व परछाईं का खेल असंगत दिखता है।

छुपा हुआ डेटा जाँचें

हर असली तस्वीर में एक छुपा हुआ डेटा होता है जिसे EXIF Metadata कहते हैं। इसमें कैमरे का नाम, तारीख, समय और कभी-कभी जगह की जानकारी भी होती है। AI से बनी तस्वीरों में यह डेटा या तो होता ही नहीं, या बिल्कुल बेतुका होता है। इसे जाँचने के लिए आप exifdata.com पर तस्वीर अपलोड कर सकते हैं, या Windows में तस्वीर पर Right Click करके Properties और फिर Details Tab खोल सकते हैं। अगर कैमरे का नाम नहीं दिख रहा तो सावधान हो जाएं।

कुछ ज़रूरी सावधानियाँ

यह याद रखना ज़रूरी है कि कोई भी टूल सौ प्रतिशत सही नहीं होता। कभी-कभी ये टूल्स असली तस्वीर को नकली बता देते हैं और कभी नकली को असली। इसीलिए एक से ज़्यादा टूल्स का इस्तेमाल करना चाहिए। साथ ही खबर के स्रोत की विश्वसनीयता भी जाँचें। किसी भी संदिग्ध तस्वीर या वीडियो को बिना जाँचे आगे न भेजें एक बार की लापरवाही किसी की ज़िंदगी बर्बाद कर सकती है।

और पढ़िए

  1. ग्रामीण ख़बरें

    एग्रोटेक 2026 : यूपी की राजधानी में जुटेंगे कृषि इनोवेशन के शीर्ष दिग्गज; निवेश की संभावनाओं की तलाश

    उत्तर प्रदेश में निवेश, व्यापार, तकनीकी सहयोग और नई संभावनाओं पर होगी चर्चा। लखनऊ में जुटेंगे कृषि क्षेत्र के दिग्गज, देश-विदेश के…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख
  2. ग्रामीण ख़बरें

    Agri Business में किसान सबसे ज़्यादा कहाँ फँसते हैं, क्या हैं वो सात कारण?

    कृषि में सफलता पाने के लिए सही योजना और तैयारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। कई किसान सब्सिडी को तुरंत मिलने वाले पैसे समझते…

    Gaon Connection · 5 मिनटलेख
  3. ग्रामीण ख़बरें

    यूपी के लिए गन्ने की दो नई किस्में, अच्छा उत्पादन और रोगों से लड़ने में बेहतर

    अक्टूबर में होने वाले 'मिठास मेला-2026' के दौरान, नई गन्ना किस्मों ('Co.Sha. 23232' और 'Co.Sha. 19231) के मिनी बीज किट किसानों को…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख