शुक्रवार, 20 नवम्बर 2026
कार्तिक मास · धान कटने लगा है, शामें ठंडी
ग्रामीण ख़बरें

सिर्फ़ आपके घर नहीं, माँ के गर्भ तक पहुँच रही हैं Heat Waves

गर्मी अब सिर्फ़ असहनीय नहीं रही, जानलेवा बन चुकी है—खासकर गर्भवती महिलाओं और उनके अजन्मे बच्चों के लिए। क्लाइमेट सेंट्रल की नई रिपोर्ट बताती है कि जलवायु परिवर्तन के चलते पिछले पाँच सालों में दुनिया भर में खतरनाक गर्मी वाले दिनों की संख्या लगभग दोगुनी हो गई है।

· · 4 मिनट

सिर्फ़ आपके घर नहीं, माँ के गर्भ तक पहुँच रही हैं Heat Waves

जलवायु परिवर्तन के चलती बढ़ रही जानलेवा गर्मी ना सिर्फ़ इंसानों, पेड़ पौधों , फसलों और जानवरों, परिंदों के लिए बल्कि माँ के पेट में पल रहे नौनिहालों के लिए भी जान का ख़तरा बन चुकी है। जलवायु परिवर्तन की वजह से भीषण गर्मी सारी दुनिया में बढ़ रही है और लगभग 90% देशों में खतरनाक गर्मी वाले दिनों की संख्या पहले की अपेक्षा दोगुनी हो गयी है। जिसका असर गर्भवती महिलाओं और उनके कोख में पल रहे बच्चों पर पड़ रहा है। पसीने से तर-ब-तर दोपहरें अब सिर्फ चुभन नहीं लातीं—ये कोख में पल रही ज़िंदगी पर भी वार कर रही हैं। माँ की कोख को सबसे सुरक्षित माना जाता है, वहाँ अब सूरज की तपिश और हमारे फैसलों की आँच पहुँचने लगी है। एक ऐसी आँच, जो न समय से पहले जन्म ले रहे बच्चों को बचा पा रही है, न माताओं को।

क्लाइमेट सेंट्रल की नई रिपोर्ट के अनुसार जलवायु परिवर्तन की वजह से चरम गर्मी का खतरा दुनिया भर में गर्भवती महिलाओं की सेहत और जन्म के नतीजों पर बढ़ता जा रहा है। पिछले पांच वर्षों में लगभग 90% देशों और क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं और उनके अजन्मे शिशु के लिए नुक़सानदेह खतरनाक गर्मी और ताप लहरों वाले दिनों की औसत वार्षिक संख्या दोगुनी हो गई है।

शहरों में यह बढ़ोतरी 63% तक देखी गई है, अगर उनकी तुलना की जाए कि एक ऐसी दुनिया से जहाँ जलवायु परिवर्तन नहीं हुआ होता। ये पाया गया कि अब औसतन हर साल ऐसे कई दिन होते हैं जब तापमान किसी इलाके में अपने इतिहास के 95% से ज़्यादा होता है—और यही दिन गर्भवती महिलाओं के लिए सबसे खतरनाक माने जाते हैं।

Hero image new website - 2025-05-20T145922.006
Hero image new website – 2025-05-20T145922.006

क्यों डराने वाली है ये बात?

ऐसे “हीट-रिस्क डे” यानी गर्भावस्था के लिए खतरनाक गर्मी वाले दिन समय से पहले बच्चे के जन्म (preterm birth) की आशंका को बढ़ा देते हैं। और एक बार समय से पहले जन्म हुआ, तो ना सिर्फ बच्चे की सेहत पर असर पड़ता है, बल्कि मां को भी बाद में कई तरह की जटिल स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

कुछ अहम खुलासे:

हर देश ने ऐसे गर्म दिनों की बढ़ोतरी देखी—और इसकी सबसे बड़ी वजह है कोयला, तेल और गैस जैसे जीवाश्म ईंधनों का जलना।
247 में से 222 देशों और इलाकों में, पिछले पांच सालों में ऐसे खतरनाक गर्मी वाले दिन दोगुने से ज़्यादा हो चुके हैं।
78 देशों में, जलवायु परिवर्तन ने हर साल एक अतिरिक्त महीने जितनी गर्मी जोड़ दी—यानि 30 और दिन जो गर्भवती महिलाओं के लिए खतरनाक माने जाते हैं।
कई देशों और शहरों में, सारे के सारे हीट-रिस्क डे जलवायु परिवर्तन के कारण ही हुए। अगर ये बदलाव ना हुआ होता, तो वहाँ ऐसी गर्मी शायद आई ही नहीं होती।

सबसे ज़्यादा असर कहाँ?

जो देश पहले से ही स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज़ से पिछड़े हैं—जैसे कैरेबियाई देश, दक्षिण अमेरिका, पैसिफिक द्वीप, दक्षिण-पूर्व एशिया और सब-सहारन अफ्रीका—वहीं सबसे ज़्यादा पिस रहे हैं। इन्होंने जलवायु संकट में सबसे कम योगदान दिया, लेकिन भुगतना इन्हें ही पड़ रहा है।

मां और बच्चे—दोनों की सेहत पर संकट

गर्भावस्था के दौरान अत्यधिक गर्मी से हाई ब्लड प्रेशर, जेस्टेशनल डायबिटीज़, अस्पताल में भर्ती होने की नौबत, गर्भ में ही बच्चे की मौत और समय से पहले प्रसव जैसी गंभीर स्थितियाँ पैदा हो सकती हैं। और इसका असर सिर्फ जन्म तक नहीं, पूरे जीवनभर रह सकता है।

एक्सपर्ट्स क्या कहते हैं?

महिला स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. ब्रूस बेक्कर ने कहा—

“आज की तारीख़ में चरम गर्मी गर्भवती महिलाओं के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुकी है। खासकर उन इलाकों में जहां पहले से स्वास्थ्य सुविधाएँ कमज़ोर हैं। अगर हमें अपनी आने वाली नस्लों को सुरक्षित रखना है, तो जीवाश्म ईंधनों का जलाना बंद करना होगा।”

वहीं, क्लाइमेट सेंट्रल की साइंस VP डॉ. क्रिस्टिना डाल कहती हैं—

“गर्भावस्था के दौरान सिर्फ एक दिन की जानलेवा गर्मी भी बड़ी समस्या खड़ी कर सकती है। और अब जलवायु परिवर्तन ऐसे कई दिन जोड़ रहा है—जिन्हें टाला जा सकता था। अगर हमने अभी भी कदम नहीं उठाए, तो हालात और बिगड़ेंगे।”

कहानी सिर्फ तापमान की नहीं है, ज़िंदगी के ताप की है।

हर अतिरिक्त गर्म दिन एक माँ के सपनों को झुलसा सकता है, और एक बच्चे की शुरूआत को कमजोर कर सकता है। और ये सब इसलिए हो रहा है क्योंकि हमने वक़्त रहते फैसला नहीं लिया।

अब भी देर नहीं हुई। फैसला करना होगा—धरती को बचाना है या उसे गर्भस्थ बच्चों की कब्रगाह बनने देना है।

और पढ़िए

  1. ग्रामीण ख़बरें

    एग्रोटेक 2026 : यूपी की राजधानी में जुटेंगे कृषि इनोवेशन के शीर्ष दिग्गज; निवेश की संभावनाओं की तलाश

    उत्तर प्रदेश में निवेश, व्यापार, तकनीकी सहयोग और नई संभावनाओं पर होगी चर्चा। लखनऊ में जुटेंगे कृषि क्षेत्र के दिग्गज, देश-विदेश के…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख
  2. ग्रामीण ख़बरें

    Agri Business में किसान सबसे ज़्यादा कहाँ फँसते हैं, क्या हैं वो सात कारण?

    कृषि में सफलता पाने के लिए सही योजना और तैयारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। कई किसान सब्सिडी को तुरंत मिलने वाले पैसे समझते…

    Gaon Connection · 5 मिनटलेख
  3. ग्रामीण ख़बरें

    यूपी के लिए गन्ने की दो नई किस्में, अच्छा उत्पादन और रोगों से लड़ने में बेहतर

    अक्टूबर में होने वाले 'मिठास मेला-2026' के दौरान, नई गन्ना किस्मों ('Co.Sha. 23232' और 'Co.Sha. 19231) के मिनी बीज किट किसानों को…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख