UP: लखनऊ में होगी स्वदेशी फल, सब्जियों और फूलों की प्रदर्शनी, जानिए ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
लखनऊ के राजभवन में 6 से 8 फरवरी को विशेष फल, सब्जी और फूलों की प्रदर्शनी का आयोजन हो रहा है। इसमें पूरे प्रदेश के उद्यान एवं कृषक अपने उत्पाद पेश करेंगे। 16 से 30 जनवरी 2026 के बीच ऑनलाइन पंजीकरण आवश्यक है। इस अवसर पर किसानों को नई तकनीकों के बारे में जानने का भी मौका मिलेगा।
लखनऊ के राजभवन में 6 से 8 फरवरी तक फल, सब्जी और पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन होगा। उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी में प्रदेश भर के उद्यानों की विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताएं होंगी। इच्छुक लोग 16 जनवरी से 30 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रदर्शनी का आयोजन
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्थित राजभवन परिसर में 6 से 8 फरवरी के बीच तीन दिवसीय प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की ओर से हो रहा है। इस प्रदर्शनी में प्रदेश भर के व्यक्तिगत बंगलों, गृहवाटिकाओं, कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, पब्लिक पार्कों और ऐतिहासिक स्थलों के उद्यानों को विभिन्न श्रेणियों में बांटा जाएगा, जिनमें प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
ऑनलाइन ऐसे करें आवेदन
प्रदर्शनी में भाग लेने के इच्छुक उद्यान और गृहवाटिका प्रेमी 16 जनवरी 2026 से 30 जनवरी 2026 तक दोपहर 3:00 बजे तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। निर्धारित समय के बाद आए आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। पंजीकरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल उपलब्ध है।आवेदन के लिए UP Lucknow Flower Show की वेबसाइट पर जाकर कर सकते हैं।
प्रतियोगिता के लिए चयन प्रक्रिया
ऑनलाइन पंजीकरण कराने के बाद, आवेदक को अपने पंजीकरण आवेदन की एक प्रति कार्यालय अधीक्षक, राजकीय उद्यान, आलमबाग, लखनऊ में जमा करनी होगी। पंजीकृत उद्यानों और गृहवाटिकाओं की विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन 31 जनवरी और 1 फरवरी 2026 को निर्णायक मंडल द्वारा किया जाएगा।
किसानों के लिए तकनीकी जानकारी
इस प्रदर्शनी में विशेषज्ञों द्वारा कृषि क्षेत्र को लेकर तकनीकी जानकारी दी जाएगी। तकनीकी सलाह से जहाँ किसान भाई कृषि क्षेत्र में नवीनतम तकनीक अपनाकर अपनी आय को बढ़ा रहे है। वहीं आर्गेनिक कृषि के द्वारा पैदावार में वृद्धि के साथ आय में वृद्धि, जेनेटिक बिमारियों एवं पर्यावरण प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के तरीके भी जान सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए संपर्क
इस प्रदर्शनी से संबंधित किसी भी अतिरिक्त जानकारी के लिए आप कार्यालय अधीक्षक, राजकीय उद्यान, आलमबाग, लखनऊ से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, फोन नंबर 0522-2975506 पर भी संपर्क किया जा सकता है।




