शुक्रवार, 20 नवम्बर 2026
कार्तिक मास · धान कटने लगा है, शामें ठंडी
ग्रामीण ख़बरें

‘किसान दीदी’ बनीं मिसाल: पराली जलाने से बचाए 600 बीघा खेत, किसानों को दिखाया नया रास्ता

मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के धुलेट गाँव की पपीता रावत ने पराली जलाने की समस्या का समाधान निकाला है। उन्होंने किसानों को जागरूक कर स्ट्रा रीपर मशीन से भूसा बनाने के लिए प्रेरित किया। जिसके बाद पपीता रावत की इस पहल से 600 बीघा से अधिक खेतों में पराली नहीं जली। जिससे किसानों को ये फायदा हुआ कि किसान अब उस भूसे से पशुओं के चारे का व्यवसाय कर रहे हैं। जानिए समस्या का हल खोजने की इस कहानी की हीरो पपीता रावत के बारे में।

· · 3 मिनट

‘किसान दीदी’ बनीं मिसाल: पराली जलाने से बचाए 600 बीघा खेत, किसानों को दिखाया नया रास्ता

उत्तर भारत में फसल कटाई के बाद पराली जलाने की समस्या हर साल गंभीर रूप ले लेती है। इससे न सिर्फ प्रदूषण बढ़ता है बल्कि मिट्टी की उर्वरता भी प्रभावित होती है। लेकिन मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के धुलेट गाँव की एक महिला किसान ने इस समस्या का अनोखा समाधान निकालकर मिसाल पेश की है। गाँव की रहने वाली श्रीमती पपीता रावत ने किसानों को जागरूक कर और वैकल्पिक समाधान उपलब्ध कराकर पराली जलाने की समस्या को काफी हद तक कम किया है।

आर्थिक तंगी से शुरू हुआ सफर

आजीविका मिशन के तहत शुरू हुई पहल
आजीविका मिशन के तहत शुरू हुई पहल Photo: Gaon Connection Network

पपीता रावत की कहानी संघर्ष से शुरू हुई। शुरुआती दिनों में वह घर पर रहती थीं, जबकि उनके पति महेश मजदूरी करके परिवार चलाते थे। आर्थिक स्थिति कमजोर थी और परिवार को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसी दौरान गाँव में आजीविका मिशन के अधिकारी पहुंचे और महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से जोड़ने की पहल की। पपीता रावत ने द्वारकाधीश सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़कर अपने जीवन में बदलाव की शुरुआत की। उन्होंने पहले सिलाई मशीन लेकर काम शुरू किया, जिससे परिवार की आमदनी में मदद मिलने लगी।

स्ट्रा रीपर मशीन ने बदली किस्मत

स्ट्रा रीपर मशीन की सांकेतिक तस्वीर
स्ट्रा रीपर मशीन की सांकेतिक तस्वीर Photo: Gaon Connection Network

कृषि गतिविधियों में रुचि होने के कारण पपीता ने आगे बढ़ने का फैसला किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह और बैंक से ऋण लेकर स्ट्रा रीपर मशीन खरीदी। यह मशीन खेतों में बची पराली को इकट्ठा कर उसे भूसे में बदलने का काम करती है। मशीन खरीदने के बाद उन्होंने गाँव और आसपास के किसानों को समझाया कि पराली जलाने से नुकसान ज्यादा है, जबकि उससे भूसा बनाकर अतिरिक्त कमाई की जा सकती है।

600 बीघा खेतों में नहीं जली पराली

गाँव वालों ने नहीं जलाई पराली
गाँव वालों ने नहीं जलाई पराली Photo: Gaon Connection Network

पपीता रावत की मेहनत का असर जल्द ही दिखने लगा। उन्होंने धुलेट गाँव और आसपास के किसानों को लगातार जागरूक किया। नतीजा यह हुआ कि इस साल 600 बीघा से अधिक खेतों में पराली जलाने से बचाया गया। अब किसान पराली जलाने की बजाय उससे भूसा तैयार कर रहे हैं, जिसका इस्तेमाल पशुओं के चारे यानी कैटल फीड के रूप में किया जा रहा है। इससे किसानों को आर्थिक लाभ भी हो रहा है।

आजीविका मिशन से मिला सहयोग

DAY आजीविका मिशन की जिला प्रबंधक गायत्री राठौड़ ने बताया कि पपीता रावत के समूह को आस्था संकुल संगठन खुड़ैल से जोड़ा गया। उन्होंने कहा कि पपीता एक सफल ‘किसान दीदी’ के रूप में काम कर रही हैं। कृषि के साथ-साथ वह पशुपालन भी कर रही हैं और चार मवेशियों के जरिए दूध उत्पादन का व्यवसाय भी संभाल रही हैं।

पराली जलाने से क्या नुकसान होता है?

पराली जलाने से मिट्टी की गुणवत्ता पर असर
पराली जलाने से मिट्टी की गुणवत्ता पर असर Photo: Gaon Connection Network

कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार पराली जलाने से खेतों की उर्वर क्षमता कम हो जाती है। इससे मिट्टी में मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीव और बैक्टीरिया नष्ट हो जाते हैं। इसके अलावा पराली जलाने से कार्बन डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड जैसी हानिकारक गैसें निकलती हैं, जो वायु प्रदूषण और ग्लोबल वॉर्मिंग को बढ़ावा देती हैं। अगले सीजन की फसल पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ता है।

प्रशासन भी कर रहा प्रोत्साहित

जिला पंचायत इंदौर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन ने बताया कि प्रशासन और कृषि विभाग लगातार किसानों को पराली न जलाने के लिए जागरूक कर रहे हैं। नियमों के तहत पराली जलाने पर जुर्माने का भी प्रावधान है। उन्होंने कहा कि पपीता रावत जैसी महिला किसान न सिर्फ आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि पूरे समाज और कृषि क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।

दूसरों के लिए बनी प्रेरणा

दूसरे किसानों के लिए प्रेरणा बनीं पपीता रावत
दूसरे किसानों के लिए प्रेरणा बनीं पपीता रावत Photo: Gaon Connection Network

धुलेट गाँव की यह पहल दिखाती है कि अगर जागरूकता, तकनीक और सामूहिक प्रयास हो तो पराली जलाने जैसी बड़ी समस्या का समाधान संभव है। पपीता रावत आज कई किसानों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक मजबूत उदाहरण पेश कर रही हैं।

और पढ़िए

  1. ग्रामीण ख़बरें

    एग्रोटेक 2026 : यूपी की राजधानी में जुटेंगे कृषि इनोवेशन के शीर्ष दिग्गज; निवेश की संभावनाओं की तलाश

    उत्तर प्रदेश में निवेश, व्यापार, तकनीकी सहयोग और नई संभावनाओं पर होगी चर्चा। लखनऊ में जुटेंगे कृषि क्षेत्र के दिग्गज, देश-विदेश के…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख
  2. ग्रामीण ख़बरें

    Agri Business में किसान सबसे ज़्यादा कहाँ फँसते हैं, क्या हैं वो सात कारण?

    कृषि में सफलता पाने के लिए सही योजना और तैयारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। कई किसान सब्सिडी को तुरंत मिलने वाले पैसे समझते…

    Gaon Connection · 5 मिनटलेख
  3. ग्रामीण ख़बरें

    यूपी के लिए गन्ने की दो नई किस्में, अच्छा उत्पादन और रोगों से लड़ने में बेहतर

    अक्टूबर में होने वाले 'मिठास मेला-2026' के दौरान, नई गन्ना किस्मों ('Co.Sha. 23232' और 'Co.Sha. 19231) के मिनी बीज किट किसानों को…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख