हर आँगनबाड़ी केंद्र का होगा स्वयं का भवन, उत्तर-प्रदेश 76 हजार केंद्रों को नए भवनों की जरूरत
उत्तर प्रदेश के सभी आँगनबाड़ी केंद्रों को अब भवन मिलेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया है। जिन केंद्रों के पास भवन नहीं हैं, उनका निर्माण CSR फंड और राज्य सरकार की सहायता से कराया जाएगा। नए भवनों में बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए आधुनिक सुविधाएं होंगी। यह व्यवस्था प्रदेश के 'स्वस्थ बचपन-समर्थ उत्तर प्रदेश' मिशन को मजबूत करेगी।
उत्तर प्रदेश सरकार ने छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश के हर आँगनबाड़ी केंद्र का अपना पक्का भवन होगा। राज्य में करीब 1.89 लाख आँगनबाड़ी केंद्र हैं, जिनमें से लगभग 76 हजार के पास अपना भवन नहीं है और वे पंचायत भवन, स्कूल के कमरों या किराए की जगहों से चल रहे हैं। सरकार कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड और राज्य सरकार के बजट से इन भवनों का निर्माण कराएगी। प्री-फैब्रिकेटेड मॉडल का इस्तेमाल करके कम समय में भवन बनाने की योजना है, ताकि पूरे प्रदेश में एक जैसी और बेहतर सुविधाओं वाले भवन बन सकें।
सुविधाओं से लैस होगा आँगनवाड़ी केंद्र
लखनऊ में हुई एक बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से साफ कहा कि आँगनबाड़ी केंद्र सिर्फ नाम के नहीं, बल्कि सुविधाओं से लैस होने चाहिए। उन्होंने कहा कि 3 से 6 साल तक के बच्चों के लिए ये केंद्र प्री-प्राइमरी स्कूल की तरह काम करते हैं। ऐसे में बच्चों को खेलने, सीखने और सुरक्षित माहौल मिलने के लिए अच्छा और आकर्षक भवन जरूरी है। योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आँगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए खेलने, सीखने और सुरक्षित माहौल के लिए अच्छी सुविधाएं होनी चाहिए।
भवनों को बनाया जाएगा ‘बाल-मित्र’
नए बनने वाले आंगनबाड़ी भवनों को ‘बाल-मित्र’ बनाने की बात कही गई है। इनमें पीने के पानी, बिजली, साफ-सुथरे शौचालय, बच्चों के लिए कम ऊंचाई वाले वॉश बेसिन, खेलने की जगह, किचन शेड और गर्म भोजन पकाने की व्यवस्था होगी। जहाँ संभव हो, वहाँ प्राथमिक विद्यालयों के परिसर में ही आँगनबाड़ी केंद्र बनाए जाएंगे। इससे बच्चों को पढ़ाई, पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी सभी सुविधाएं एक ही जगह मिल सकेंगी।
गर्भवती महलिाओं के लिए हों अलग से कमरे
गर्भवती महिलाओं के लिए एक अलग कमरा भी होगा। इसके अलावा, रेन वाटर हार्वेस्टिंग (बारिश का पानी जमा करने की व्यवस्था) और पोषण वाटिका (जहां फल-सब्जियां उगाई जा सकें) जैसी सुविधाएं भी शामिल करने की योजना है। सरकार का कहना है कि आँगनबाड़ी केंद्र सिर्फ चार दीवारें नहीं हैं, बल्कि ये आने वाली पीढ़ी की नींव हैं। अगर यह योजना ठीक से लागू हो जाती है, तो गाँवों में छोटे बच्चों की शुरुआती शिक्षा और पोषण की व्यवस्था को बहुत मजबूती मिलेगी। ‘स्वस्थ बचपन-समर्थ उत्तर प्रदेश’ का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब गांव का आँगनबाड़ी केंद्र सचमुच बच्चों के लिए एक सुरक्षित और सीखने वाला घर बन सकेगा।




