शुक्रवार, 20 नवम्बर 2026
कार्तिक मास · धान कटने लगा है, शामें ठंडी
ग्रामीण ख़बरें

हवा के साथ हज़ारों किलोमीटर का सफ़र: कैसे रेगिस्तानी धूल पूर्वी हिमालय में बीमारियाँ ला रही है

आपने कभी गौर किया है कि हमारी साँस में सिर्फ़ हवा ही नहीं जाती? उसमें लाखों नन्हे बैक्टीरिया भी होते हैं। अब ये बैक्टीरिया कहाँ से आते हैं, यह सुनकर आप हैरान रह जाएँगे। जर्नल "साइंस ऑफ द टोटल एनवायरनमेंट" में प्रकाशित अपनी तरह के इस पहले अध्ययन के परिणाम में पता चला है कि थार के रेगिस्तान से उड़कर ये जीवाणु हिमालय की चोटियों तक पहुँच जाते हैं।

· · 3 मिनट

हवा के साथ हज़ारों किलोमीटर का सफ़र: कैसे रेगिस्तानी धूल पूर्वी हिमालय में बीमारियाँ ला रही है

बोस इंस्टीट्यूट के वैज्ञानिकों ने 2022-23 में दार्जिलिंग (जो समुद्र तल से करीब 2200 मीटर ऊपर है) की हवा की जाँच की। पता चला कि आम दिनों में वहाँ हर घन मीटर हवा में करीब 3.4 लाख बैक्टीरिया होते हैं। मगर गर्मियों में जब थार से धूल भरी आँधियाँ आती हैं, तब यह तादाद बढ़कर 6.7 लाख हो जाती है – यानी दोगुनी!

जर्नल “साइंस ऑफ द टोटल एनवायरनमेंट” में प्रकाशित अपनी तरह के इस पहले अध्ययन के परिणाम में पता चला है कि थार के रेगिस्तान से उड़कर ये जीवाणु हिमालय की चोटियों तक पहुँच जाते हैं।

अब सबसे दिलचस्प चीज़ यह है कि हिमालय की हवा में जो बैक्टीरिया मिलते हैं, उनमें से 80 फ़ीसदी बाहर से आए हुए होते हैं। ये तीन रास्तों से यहाँ पहुँचते हैं – थार रेगिस्तान से धूल में उड़कर, पहाड़ की तलहटी के प्रदूषित इलाकों से गर्म हवा के ज़रिए ऊपर चढ़कर, या फिर बहुत ऊपरी वायुमंडल से नीचे उतरकर।

उपग्रह तस्वीरों से देखा गया कि मार्च से मई के बीच थार से उठी धूल 2-3 किलोमीटर ऊपर एक मोटी चादर जैसी बना लेती है और पूर्वी हिमालय तक फैल जाती है। इस धूल के साथ 41 फ़ीसदी ऐसे अनोखे बैक्टीरिया आते हैं जो वहाँ के स्थानीय माहौल में पहले नहीं थे।

खतरे की घंटी यह है कि इन बाहरी बैक्टीरिया में से कई बीमारियाँ फैलाने वाले होते हैं। रेगिस्तान से आने वाले बैक्टीरिया में से एक तिहाई त्वचा में संक्रमण फैलाते हैं। पहाड़ की तलहटी से आने वाली प्रदूषित हवा में 45 फ़ीसदी ऐसे जीवाणु होते हैं जो फेफड़ों और साँस की दिक्कतें पैदा करते हैं। जो बैक्टीरिया बहुत ऊपर से नीचे आते हैं, उनमें आधे पेट-आँत के संक्रमण फैलाने वाले हैं।

स्थानीय हिमालयी बैक्टीरिया भले ही सिर्फ़ 20 फ़ीसदी हों, मगर वे भी कम खतरनाक नहीं – इनमें से 36 फ़ीसदी साँस की बीमारियाँ देते हैं और 31 फ़ीसदी त्वचा में संक्रमण फैलाते हैं।

1-s2
1-s2 Photo: Gaon Connection Creatives

ज़रा सोचिए, हमारा आसमान एक बड़े हाईवे की तरह है जहाँ ये छोटे-छोटे जीव एक शहर से दूसरे शहर की सैर करते रहते हैं। राजस्थान का रेगिस्तान हो या हिमालय की बर्फ़ीली चोटियाँ – सब एक-दूसरे से जुड़े हैं हवा के रास्ते।

इसका मतलब क्या हुआ आम लोगों के लिए? मान लीजिए आप मार्च-अप्रैल में दार्जिलिंग घूमने गए। ठीक उसी वक़्त थार से धूल भरी हवाएँ चल रही हैं और उनके साथ लाखों बीमारी के बैक्टीरिया भी पहाड़ों पर आ रहे हैं। इसीलिए इन महीनों में वहाँ त्वचा में खुजली, दाने या साँस फूलने की शिकायतें ज़्यादा आती हैं।

जलवायु परिवर्तन के दौर में यह समस्या और बढ़ती जा रही है। रेगिस्तान बड़े हो रहे हैं, धूल भरी आँधियाँ और तेज़ हो रही हैं। जो बैक्टीरिया पहले सिर्फ़ राजस्थान में रहते थे, अब वे हिमालय तक की यात्रा कर रहे हैं। कहीं ऐसा न हो कि आने वाले समय में पहाड़ी इलाकों में रहने वालों को नई-नई बीमारियों से जूझना पड़े।

इस रिसर्च की एक अच्छी बात ये हैं की अब हमें पता है कि ख़तरा कहाँ से और कब आता है। जैसे बारिश का अनुमान देखकर हम छाता रख लेते हैं, वैसे ही अब डॉक्टर और सरकारी स्वास्थ्य विभाग इन महीनों में पहले से तैयारी कर सकते हैं। लोगों को बताया जा सकता है कि धूल भरे मौसम में मास्क लगाएँ, साफ़-सफ़ाई का ख़ास ध्यान रखें।

तो अगली बार जब आप दार्जिलिंग में चाय पीते हुए कंचनजंगा को देख रहे हों, तब ज़रा यह भी याद कीजिएगा कि उस साफ़ दिखती हवा में लाखों नन्हे मुसाफ़िर भी हैं जो राजस्थान से उड़कर आए हैं। प्रकृति का यह खेल देखने में तो अद्भुत है, मगर सावधानी भी ज़रूरी है।

वैज्ञानिकों का कहना है कि इस स्टडी से हम पहाड़ी इलाकों में हवा को साफ़ रखने और बीमारियों से बचाव की बेहतर योजनाएँ बना सकते हैं। यह शोध हमें याद दिलाता है कि प्रकृति में सब कुछ जुड़ा हुआ है – एक जगह की घटना दूसरी जगह की ज़िंदगी पर असर डालती है। हिमालय की ठंडी हवा में साँस लेते वक़्त अब आप जान गए हैं कि उसमें सिर्फ़ ऑक्सीजन ही नहीं, बल्कि हज़ारों किलोमीटर की यात्रा करके आए करोड़ों सूक्ष्म यात्री भी हैं।

और पढ़िए

  1. ग्रामीण ख़बरें

    एग्रोटेक 2026 : यूपी की राजधानी में जुटेंगे कृषि इनोवेशन के शीर्ष दिग्गज; निवेश की संभावनाओं की तलाश

    उत्तर प्रदेश में निवेश, व्यापार, तकनीकी सहयोग और नई संभावनाओं पर होगी चर्चा। लखनऊ में जुटेंगे कृषि क्षेत्र के दिग्गज, देश-विदेश के…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख
  2. ग्रामीण ख़बरें

    Agri Business में किसान सबसे ज़्यादा कहाँ फँसते हैं, क्या हैं वो सात कारण?

    कृषि में सफलता पाने के लिए सही योजना और तैयारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। कई किसान सब्सिडी को तुरंत मिलने वाले पैसे समझते…

    Gaon Connection · 5 मिनटलेख
  3. ग्रामीण ख़बरें

    यूपी के लिए गन्ने की दो नई किस्में, अच्छा उत्पादन और रोगों से लड़ने में बेहतर

    अक्टूबर में होने वाले 'मिठास मेला-2026' के दौरान, नई गन्ना किस्मों ('Co.Sha. 23232' और 'Co.Sha. 19231) के मिनी बीज किट किसानों को…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख