CSIR-CIMAP किसान मेला: वैज्ञानिक तकनीक से किसान बने उद्यमी, सुगंध खेती को मिली नई रफ्तार
CSIR-CIMAP में आयोजित किसान मेला 2026 में देशभर से 4000 से ज्यादा किसान पहुंचे। एरोमा मिशन, मेंथा की उन्नत किस्में, नई तकनीक और वैज्ञानिक खेती ने किसानों की आमदनी बढ़ाने की नई राह दिखाई।
सीमैप में आयोजित किसान मेला इस बार सिर्फ एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि देश भर से आए किसानों, वैज्ञानिकों और उद्योग जगत के लोगों के बीच संवाद का बड़ा मंच बनकर उभरा।
लखनऊ स्थित सीएसआईआर-केंद्रीय औषधीय एवं सुगंध पौधा संस्थान (CSIR-CIMAP) परिसर में 30 और 31 जनवरी 2026 को आयोजित मेले के दूसरे दिन लगभग चार हजार किसान उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, झारखंड और अन्य राज्यों से पहुंचे। परिसर में चारों ओर सुगंध फसलों की नई किस्मों, आधुनिक खेती तकनीकों और उद्यमिता से जुड़े स्टॉलों की चहल-पहल दिखाई दी। इस मौके पर अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
मुख्य अतिथि सीएसआईआर की महानिदेशक डॉ. एन. कलैसेल्वी ने अपने संबोधन में कहा कि यह किसान मेला किसी त्रिवेणी संगम की तरह है, जहां किसान, वैज्ञानिक और उद्योग प्रतिनिधि एक साथ मिलते हैं। उन्होंने बताया कि किसानों के साथ मिलकर काम करने का ही नतीजा है कि एरोमा मिशन देश भर में सफल हुआ और इससे जुड़े संस्थानों को राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार 2025 भी मिला। उन्होंने कहा कि सुगंध फसलों की खेती से हजारों परिवारों की आमदनी बढ़ी है और ग्रामीण इलाकों में रोजगार के नए अवसर बने हैं। उन्होंने वेटिवर जैसी फसलों को बढ़ावा देने के लिए विशेष बोर्ड बनाने की भी ज़रूरत बताई ताकि किसानों को इसका ज्यादा लाभ मिल सके।

राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. अजीत कुमार शासनी ने कहा कि CSIR-CIMAP की रिसर्च ने भारत को मेंथा उत्पादन और निर्यात में दुनिया के शीर्ष देशों में पहुंचा दिया है। उन्होंने बताया कि संस्थान द्वारा विकसित मेंथा की किस्में किसानों में काफी लोकप्रिय हैं और इससे उत्पादन में बड़ा इजाफा हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि नींबूघास, पामारोजा, रोशाघास और जिरेनियम जैसी सुगंध फसलें कम पानी वाले इलाकों में भी सफलतापूर्वक उगाई जा सकती हैं और ये सूखा प्रभावित क्षेत्रों के लिए किसानों की आय का मजबूत विकल्प बन सकती हैं।
CSIR-CIMAP के निदेशक डॉ. प्रबोध कुमार त्रिवेदी ने बताया कि संस्थान पिछले छह दशकों से औषधीय और सुगंध पौधों पर शोध कर रहा है। अब तक 150 से ज्यादा उन्नत किस्में, आधुनिक खेती तकनीक, प्रोसेसिंग और भंडारण के तरीके विकसित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि आज दुनिया में जितना मेंथा तेल बनता है, उसका करीब 80 प्रतिशत उत्पादन भारत में होता है और उसमें भी सबसे बड़ा हिस्सा उत्तर प्रदेश का है। इस साल संस्थान की ओर से किसानों को लगभग 500 क्विंटल मेंथा की रोपण सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है ताकि वे ज्यादा उत्पादन ले सकें और बेहतर आमदनी हासिल कर सकें।

मेले में एरोमा मिशन की सफलता की झलक भी साफ दिखाई दी। डॉ. त्रिवेदी ने बताया कि मिशन के तहत देश में 5000 से ज्यादा किसान क्लस्टर बनाए जा चुके हैं, जिनमें आदिवासी क्षेत्रों के क्लस्टर भी शामिल हैं। किसानों के खेतों पर सैकड़ों आधुनिक डिस्टिलेशन यूनिट लगाई गई हैं ताकि वे खुद तेल निकालकर सीधे बाजार में बेच सकें। इसी पहल से अब तक 120 से ज्यादा किसान उद्यमी बन चुके हैं, जो खेती के साथ प्रोसेसिंग और मार्केटिंग से भी जुड़ गए हैं।
किसान मेले के दौरान “औस-ज्ञान्या” नाम की एक नई पुस्तिका का विमोचन किया गया, जिसमें औषधीय और सुगंध फसलों की खेती को आसान भाषा में समझाया गया है। इसके साथ एरोमा मिशन पर आधारित कॉफी टेबल बुक भी जारी की गई, जिसमें किसान से उद्यमी बने लोगों की कहानियां शामिल हैं। वैज्ञानिकों ने सिट्रोनेला की नई किस्में, अकरकरा की उन्नत प्रजाति, लेमनग्रास और पोपी से जुड़े जीनोम डेटा जैसी आधुनिक तकनीकों का भी लोकार्पण किया।

मेले में कई तकनीकों को उद्योगों को सौंपा गया ताकि शोध का फायदा सीधे बाजार और रोजगार तक पहुंचे। अयोध्या के मंदिरों में चढ़े फूलों से अगरबत्ती बनाने की तकनीक, रूम फ्रेशनर और जैव-फफूंदनाशी उत्पादों की तकनीक का हस्तांतरण किया गया। इससे यह साफ हुआ कि अब वैज्ञानिक शोध केवल लैब तक सीमित नहीं है, बल्कि वह सीधे किसानों और उद्यमियों की आय बढ़ाने का साधन बन रहा है।
मेले में लगी प्रदर्शनी और परिचर्चा सत्रों में किसानों ने वैज्ञानिकों से सीधे बातचीत की। महिलाओं ने फूलों से अगरबत्ती बनाने के प्रशिक्षण में खास रुचि दिखाई। किसानों ने नई किस्मों, खेती के तरीकों, प्रोसेसिंग और मार्केटिंग से जुड़ी जानकारी ली और अपने अनुभव भी साझा किए। इससे साफ दिखा कि किसान अब पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर तकनीक आधारित और बाजार से जुड़ी खेती की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।




