शुक्रवार, 20 नवम्बर 2026
कार्तिक मास · धान कटने लगा है, शामें ठंडी
ग्रामीण ख़बरें

धान के आगे फीकी पड़ी कपास की बुवाई, उत्तर भारत में 22% तक घटा रकबा, क्यों किसानों का मोहभंग?

उत्तर भारत में इस खरीफ सीज़न कपास की बुवाई में 22 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कई किसान कपास छोड़कर धान की खेती की ओर रुख़ कर रहे हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार सरकारी ख़रीद की गारंटी, बेहतर आमदनी, गुलाबी सुंडी का प्रकोप और मौसम की अनिश्चितता किसानों को कपास से दूर कर रही है।

· · 3 मिनट

धान के आगे फीकी पड़ी कपास की बुवाई, उत्तर भारत में 22% तक घटा रकबा, क्यों किसानों का मोहभंग?

उत्तर भारत के कपास उत्पादक क्षेत्रों में इस खरीफ सीज़न किसानों का रुझान धान की खेती की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। सरकारी ख़रीद की गारंटी, बेहतर आमदनी और कम जोखिम के कारण कई किसान कपास की जगह धान को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसका असर कपास के रकबे पर भी दिखने लगा है।

बिजनेसलाइन की एक रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में इस साल कपास की बुवाई करीब 9 लाख हेक्टेयर में हुई है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 11.56 लाख हेक्टेयर थी। यानी उत्तर भारत में कपास का क्षेत्रफल करीब 22 प्रतिशत घट गया है। वहीं कृषि मंत्रालय के आँकड़ों के मुताबिक 12 जून तक देशभर में कपास का कुल रकबा 9.53 लाख हेक्टेयर रहा, जो एक साल पहले के 13.19 लाख हेक्टेयर से 28 प्रतिशत कम है।

पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में घटी बुवाई

पंजाब में कपास का रकबा 1.19 लाख हेक्टेयर से घटकर 0.80 लाख हेक्टेयर रह गया है। हरियाणा में यह 3.94 लाख हेक्टेयर से घटकर 2.92 लाख हेक्टेयर और राजस्थान में 6.43 लाख हेक्टेयर से घटकर 5.28 लाख हेक्टेयर रह गया है। हालाँकि राजस्थान के कुछ हिस्सों में अभी भी बुवाई जारी है। कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (CAI) की फसल समिति के अध्यक्ष अतुल गणात्रा ने कहा, “पंजाब और हरियाणा में क्षेत्र कम हुआ है, लेकिन राजस्थान के निचले और ऊपरी हिस्सों में बुवाई जारी है। हाल की बारिश के बाद राज्य में कपास का रकबा बरकरार रह सकता है या 3-4 प्रतिशत तक बढ़ सकता है।”

किसान क्यों छोड़ रहे हैं कपास?

जोधपुर स्थित साउथ एशिया बायोटेक्नोलॉजी सेंटर के संस्थापक निदेशक भागीरथ चौधरी के मुताबिक किसान अब धान को अधिक सुरक्षित विकल्प मान रहे हैं। उन्होंने कहा, “धान में सरकारी ख़रीद और बेहतर दाम मिलने की संभावना रहती है। इसके उलट कपास में गुलाबी सुंडी (Pink Bollworm) का प्रकोप, मौसम की अनिश्चितता और MSP से नीचे बाज़ार भाव मिलने जैसी समस्याएँ किसानों की चिंता बढ़ा रही हैं।” उनके अनुसार पिछले साल धान की अच्छी पैदावार और बेहतर आमदनी ने भी किसानों को इस दिशा में प्रोत्साहित किया है।

ज़ायद फसलों से भी बढ़ रही किसानों की आय

धान की रोपाई में देरी होने से किसानों को मक्का और मूँग जैसी कम अवधि वाली ज़ायद फसलें लेने का अवसर मिल रहा है। इससे खेतों का बेहतर उपयोग हो रहा है और अतिरिक्त आय भी प्राप्त हो रही है। वहीं कपास की फसल को अप्रैल और मई की भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। कई क्षेत्रों में देर से बोई गई फसल में पौधों के मुरझाने, जड़ सड़न और कमजोर बढ़वार जैसी समस्याएँ देखी जा रही हैं।

कई वर्षों से घट रहा है कपास का रकबा

केंद्रीय कपास अनुसंधान संस्थान (CICR) के सिरसा स्थित क्षेत्रीय केंद्र के पूर्व प्रमुख दिलीप मोंगा ने कहा कि उत्तर भारत में कपास का रकबा पिछले कुछ वर्षों से लगातार घट रहा है। उन्होंने बताया कि गुलाबी सुंडी के बढ़ते प्रकोप के अलावा पिछले वर्ष अगस्त-सितंबर में हुई अधिक बारिश और बुवाई के समय उच्च तापमान ने भी कपास उत्पादन को प्रभावित किया। मोंगा के अनुसार, धान समेत अन्य फसलों से बेहतर आमदनी मिलने के कारण किसान धीरे-धीरे कपास से दूरी बना रहे हैं।

MSP बढ़ने के बावजूद नहीं बढ़ा रुझान

केंद्र सरकार ने विपणन वर्ष 2026-27 के लिए कपास का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाकर मध्यम रेशा कपास के लिए 8,267 रुपये प्रति क्विंटल और लंबे रेशे वाली कपास के लिए 8,667 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। इसके बावजूद उत्तर भारत में किसानों का झुकाव धान की खेती की ओर अधिक दिखाई दे रहा है।

और पढ़िए

  1. ग्रामीण ख़बरें

    एग्रोटेक 2026 : यूपी की राजधानी में जुटेंगे कृषि इनोवेशन के शीर्ष दिग्गज; निवेश की संभावनाओं की तलाश

    उत्तर प्रदेश में निवेश, व्यापार, तकनीकी सहयोग और नई संभावनाओं पर होगी चर्चा। लखनऊ में जुटेंगे कृषि क्षेत्र के दिग्गज, देश-विदेश के…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख
  2. ग्रामीण ख़बरें

    Agri Business में किसान सबसे ज़्यादा कहाँ फँसते हैं, क्या हैं वो सात कारण?

    कृषि में सफलता पाने के लिए सही योजना और तैयारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। कई किसान सब्सिडी को तुरंत मिलने वाले पैसे समझते…

    Gaon Connection · 5 मिनटलेख
  3. ग्रामीण ख़बरें

    यूपी के लिए गन्ने की दो नई किस्में, अच्छा उत्पादन और रोगों से लड़ने में बेहतर

    अक्टूबर में होने वाले 'मिठास मेला-2026' के दौरान, नई गन्ना किस्मों ('Co.Sha. 23232' और 'Co.Sha. 19231) के मिनी बीज किट किसानों को…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख