Expired Sweets: लखनऊ में खाद्य विभाग की छापेमारी, हल्दीराम गोदाम से 1.1 क्विंटल एक्सपायर्ड मिठाइयाँ जब्त
होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई की। लखनऊ में एक्सपायर्ड सोनपापड़ी और राजभोग नष्ट किए गए। भारी मात्रा में काली मिर्च और खोया जब्त किया गया। विभाग ने 'FSW' के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया। यह कार्रवाई लोगों के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के लिए की गई।
होली से पहले मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSSAI), लखनऊ का कड़ा शिकंजा कसा। 26 फरवरी 2026 को चलाए गए विशेष अभियान में आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और जिलाधिकारी लखनऊ के निर्देश पर मावा, खोया, पनीर, मिठाई, मसाले, नमकीन जैसे त्योहारी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांची गई। इस दौरान एक्सपायर्ड सोनपापड़ी और राजभोग नष्ट किए गए, साथ ही बड़ी मात्रा में काली मिर्च और खोया जब्त किया गया। विभाग ने “FSW (Food Safety on Wheels)” के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया।
होली पर Food Saftey के लिए बड़ा अभियान
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ ने होली के त्योहार को देखते हुए 26 फरवरी 2026 को मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया। यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और जिलाधिकारी लखनऊ के स्पष्ट निर्देशों पर की गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि त्योहार के दौरान बाजार में बिकने वाले मावा, खोया, पनीर, मिठाई, मसाले, नमकीन और अन्य खाद्य पदार्थ पूरी तरह से शुद्ध हों और उनमें किसी भी तरह की मिलावट न हो।
1 क्विंटल 12 किलोग्राम एक्सपायर्ड सोनपापड़ी
अभियान के दौरान, विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 15 नमूने लिए गए और उनकी गुणवत्ता जांचने के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। विभाग ने बताया कि त्योहारों के समय, खासकर खोया, पनीर, घी, तेल, रंगीन मिठाइयों और मसालों में मिलावट की आशंका काफी बढ़ जाती है। इसी खतरे को भांपते हुए यह एहतियाती कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में मोहीबुल्लापुर स्थित हल्दीराम स्टोरेज में पर छापा मारा गया। यहाँ से लगभग 1 क्विंटल 12 किलोग्राम एक्सपायर्ड सोनपापड़ी और राजभोग जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 45,000 रुपये थी। एक्सपायरी डेट निकल जाने के कारण, लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए टीम ने इन खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करवा दिया।
भारी मात्रा में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री जब्त
इसी तरह, रायबरेली रोड पर स्थित स्वरूप कोल्ड स्टोरेज से भी भारी मात्रा में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री जब्त की गई। यहाँ से 8,499 किलोग्राम काली मिर्च (जिसकी कीमत लगभग 53,24,550 रुपये थी), 378 किलोग्राम खोया (जिसकी कीमत लगभग 1,13,400 रुपये थी) और 1,538 किलोग्राम काली मिर्च (जिसकी कीमत लगभग 1,53,800 रुपये थी) सीज की गई। कुल मिलाकर, यहां से 10,415 किलोग्राम खाद्य पदार्थ जब्त किए गए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 55,91,750 रुपये बताई गई है।
Food Safety on Wheels कार्यक्रम
अभियान के तहत, विभाग ने “FSW (Food Safety on Wheels)” के माध्यम से सीतापुर रोड के मड़ियांव क्षेत्र में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया। इस कार्यक्रम का मकसद स्थानीय लोगों और राहगीरों को मिलावटी और कृत्रिम रंगों से बने खाद्य पदार्थों के नुकसान के बारे में बताना था। अधिकारियों ने खुले में बिकने वाले चमकीले रंग के पापड़, कचरी और अन्य स्नैक्स से सावधान रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि खाने की चीजों को आकर्षक बनाने के लिए अक्सर ऐसे सिंथेटिक रंगों का इस्तेमाल होता है जिनकी अनुमति नहीं है। ये रंग सेहत के लिए बहुत खतरनाक हो सकते हैं। ऐसे केमिकल खाने से पेट की बीमारियाँ, पाचन में दिक्कत, एलर्जी और लंबे समय में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास पर भी इनका बुरा असर पड़ सकता है।
बाज़ारों में हो अनुशासन
विभाग ने साफ किया है कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के समय प्रशासन की यह सख्त कार्रवाई यह साफ संदेश देती है कि मिलावटखोरी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लोगों के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं होगा। होली जैसे बड़े त्योहार से पहले की गई यह कार्रवाई न केवल बाजार में अनुशासन लाने का एक प्रयास है, बल्कि आम लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाना मिले, इसकी दिशा में एक अहम कदम भी है।




