शुक्रवार, 20 नवम्बर 2026
कार्तिक मास · धान कटने लगा है, शामें ठंडी
ग्रामीण ख़बरें

बिहार की लीची अब बनेगी ग्लोबल ब्रांड, खेत से सीधे दुनिया की थाली तक पहुंचेगा

बिहार की मशहूर लीची अब दुबई, कनाडा और यूरोप तक पहुंच रही है। एग्री-टेक स्टार्टअप सुपरप्लम ने एक नई तकनीक से न सिर्फ लीची की बर्बादी रोकी है बल्कि किसानों को सीधा फायदा भी पहुंचाया है। अब लीची 7 से 8 दिनों तक बिल्कुल ताजी रहती है और किसानों को उनकी मेहनत का पूरा दाम मिल रहा है।

· · 3 मिनट

बिहार की लीची अब बनेगी ग्लोबल ब्रांड, खेत से सीधे दुनिया की थाली तक पहुंचेगा

बिहार की लीची देश और दुनिया में अपने स्वाद के लिए जानी जाती है लेकिन हर साल एक बड़ी मुसीबत किसानों का इंतजार करती थी। तुड़ाई के बाद 30 से 40 प्रतिशत फसल खराब हो जाती थी। दरअसल लीची इतनी नाजुक होती है कि पेड़ से तोड़ने के महज एक दो दिन के अंदर वो सड़ने लगती है। इस नुकसान को कम करने के लिए कई किसान हानिकारक रसायन और सल्फर का इस्तेमाल करते थे जिससे फल सेहत के लिए खतरनाक हो जाता था। लेकिन अब यह तस्वीर धीरे धीरे बदल रही है।

बिचौलियों का झंझट खत्म, सीधे खेत से होती है खरीद

दिल्ली स्थित एग्री-टेक स्टार्टअप सुपरप्लम पिछले कुछ सालों से बिहार के लीची किसानों के साथ मिलकर काम कर रहा है। कंपनी बिना किसी बिचौलिये के सीधे बगीचे से लीची खरीदती है। इस बार कंपनी ने पिछले साल के मुकाबले दोगुनी खरीद का लक्ष्य रखा है और अब यह भारत की सबसे बड़ी संगठित लीची खरीदार कंपनी बन चुकी है। इस पहल से खेत से लेकर ग्राहक तक एक साफ और पारदर्शी सप्लाई चेन बनी है। बिहार की जीआई टैग्ड लीची को अब आधुनिक पैकेजिंग में बड़े रिटेल स्टोर और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर बेचा जा रहा है।

किसानों को पहले से तय होता है दाम, कोई धोखाधड़ी नहीं

सुपरप्लम के फाउंडर शोभित गुप्ता बताते हैं कि किसान फसल पकने से पहले ही अपनी उपज की प्री-बुकिंग कर सकते हैं। गुणवत्ता के आधार पर उन्हें बाजार से बेहतर दाम दिया जाता है और भुगतान सीधे खेत पर डिजिटल माध्यम से किया जाता है। पहले किसान को यह डर रहता था कि फसल बिकेगी या नहीं लेकिन अब मुजफ्फरपुर के किसानों को 100 प्रतिशत फसल बिकने की पूरी निश्चिंतता मिल गई है।

7 से 8 दिन तक ताजी रहेगी लीची, QR कोड से जानें किसान का नाम

कंपनी के सीनियर डायरेक्टर डॉ. अरविंद कुमार बताते हैं कि खेत के पास ही प्रोसेसिंग और कूलिंग की सुविधा लगाई गई है। रीयल टाइम ट्रैकिंग सिस्टम से यह सुनिश्चित किया जाता है कि फल कम से कम समय में ग्राहक तक पहुंचे। इस तकनीक की वजह से लीची अब 7 से 8 दिनों तक ताजी रहती है जो पहले सिर्फ एक दो दिन में खराब हो जाती थी। सबसे दिलचस्प बात यह है कि हर पैकेट पर InstaTrace नाम का एक QR कोड होता है। इसे स्कैन करके उपभोक्ता यह जान सकते हैं कि यह लीची किस किसान ने किस जगह उगाई है।

सल्फर मुक्त तकनीक से दुबई तक पहुंची बिहार की लीची

सुपरप्लम ने लीची उद्योग में पहली बार सल्फेट मुक्त कोल्ड चेन तकनीक अपनाई है। इसी तकनीक की बदौलत बिहार से दुबई के लिए पहली समुद्री खेप भेजी गई जो 15 दिनों के लंबे सफर के बाद भी एकदम ताजी पहुंची। अब बिहार की लीची चेन्नई, बेंगलुरु और कोच्चि के साथ साथ कनाडा, यूरोप और खाड़ी देशों में भी अपनी मिठास बिखेर रही है।

किसानों को मिल रही है वैज्ञानिक खेती की ट्रेनिंग

सुपरप्लम केवल फल खरीदने तक सीमित नहीं है। कंपनी बिहार के लीची उत्पादक जिलों में जाकर किसानों को ग्लोबल गैप जैसे अंतरराष्ट्रीय मानकों और कम कीटनाशक उपयोग की ट्रेनिंग भी दे रही है। पिछले 6 साल की मेहनत का नतीजा यह है कि पैदावार बढ़ी है और बर्बादी घटी है। इस साल कंपनी का लक्ष्य निर्यात को तीन गुना करना है। लीची के साथ साथ यह स्टार्टअप आम, सेब, केला, अंगूर और पपीते पर भी काम कर रहा है ताकि बिहार के फलों को दुनिया भर में एक मजबूत पहचान मिल सके। बिहार की मिट्टी की यह मिठास अब विदेशी बाजारों तक पहुंच रही है और यह सिर्फ एक व्यापारिक कदम नहीं बल्कि लाखों किसानों की जिंदगी बदलने की एक सच्ची कोशिश है।

और पढ़िए

  1. ग्रामीण ख़बरें

    एग्रोटेक 2026 : यूपी की राजधानी में जुटेंगे कृषि इनोवेशन के शीर्ष दिग्गज; निवेश की संभावनाओं की तलाश

    उत्तर प्रदेश में निवेश, व्यापार, तकनीकी सहयोग और नई संभावनाओं पर होगी चर्चा। लखनऊ में जुटेंगे कृषि क्षेत्र के दिग्गज, देश-विदेश के…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख
  2. ग्रामीण ख़बरें

    Agri Business में किसान सबसे ज़्यादा कहाँ फँसते हैं, क्या हैं वो सात कारण?

    कृषि में सफलता पाने के लिए सही योजना और तैयारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। कई किसान सब्सिडी को तुरंत मिलने वाले पैसे समझते…

    Gaon Connection · 5 मिनटलेख
  3. ग्रामीण ख़बरें

    यूपी के लिए गन्ने की दो नई किस्में, अच्छा उत्पादन और रोगों से लड़ने में बेहतर

    अक्टूबर में होने वाले 'मिठास मेला-2026' के दौरान, नई गन्ना किस्मों ('Co.Sha. 23232' और 'Co.Sha. 19231) के मिनी बीज किट किसानों को…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख