रविवार, 29 नवम्बर 2026
कार्तिक मास · धान कटने लगा है, शामें ठंडी
ग्रामीण ख़बरें

गन्ना किसानों के लिए अच्छी खबर, देश में चीनी उत्पादन 195 लाख टन के पार

देश में इस बार चीनी उत्पादन में करीब 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे कुल उत्पादन 195 लाख टन के पार पहुंच गया है। बेहतर मौसम, उन्नत खेती तकनीक और महाराष्ट्र व उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों की मजबूत भागीदारी से ये संभव हो पाया है।

· · 3 मिनट

गन्ना किसानों के लिए अच्छी खबर, देश में चीनी उत्पादन 195 लाख टन के पार

दैश में इस बार चीनी का बंपर उत्पादन हुआ है, भारत के चीनी उद्योग से जुड़ी ताज़ा रिपोर्ट यह संकेत दे रही है कि इस बार गन्ना किसानों और चीनी मिलों के लिए मौसम और बाजार दोनों अनुकूल साबित हो रहे हैं। यह बढ़ोतरी केवल एक आंकड़ा नहीं है, बल्कि इसके पीछे किसानों की मेहनत, बेहतर खेत प्रबंधन, समय पर सिंचाई और सरकारी नीतियों का संयुक्त असर दिखाई देता है।

Indian Sugar and Bio-energy Manufacturers Association (ISMA) के अनुसार मौजूदा पेराई सत्र में देश का कुल चीनी उत्पादन लगभग 18.4 प्रतिशत बढ़कर 195.03 लाख टन तक पहुँच गया है।

इस बढ़ती उत्पादन क्षमता में सबसे अहम भूमिका महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश जैसे बड़े गन्ना उत्पादक राज्यों की रही है। इन दोनों राज्यों में गन्ने की फसल इस बार अपेक्षाकृत बेहतर रही, जिससे मिलों की पेराई क्षमता का पूरा उपयोग हो पाया। उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में किसानों ने उन्नत किस्मों के बीज, संतुलित उर्वरक और आधुनिक सिंचाई तकनीकों का इस्तेमाल किया, जिससे प्रति हेक्टेयर उत्पादन में सुधार हुआ। वहीं महाराष्ट्र में समय पर कटाई और तेज पेराई प्रक्रिया ने उत्पादन को गति दी। इसका सीधा लाभ किसानों को मिला, क्योंकि मिलों में गन्ना तेजी से खपने लगा और भुगतान की प्रक्रिया भी अपेक्षाकृत सुचारु बनी।

31 जनवरी 2026 तक देशभर में कुल 515 चीनी मिलें पेराई में सक्रिय रहीं, जबकि पिछले साल इसी समय यह संख्या 501 मिलों की थी। इसका सीधा असर उत्पादन पर पड़ा है। इस बार कुल चीनी उत्पादन 195.03 लाख टन दर्ज किया गया है, जबकि 31 जनवरी 2025 तक यह आंकड़ा 164.79 लाख टन था। यानी एक साल में करीब 30 लाख टन से ज्यादा (लगभग 18 प्रतिशत) की बढ़ोतरी हुई है। यह आंकड़े एथेनॉल के लिए डायवर्ट की गई चीनी को घटाने के बाद के हैं, यानी असल बाजार आपूर्ति की स्थिति को दर्शाते हैं।

किस राज्य में हुआ कितना उत्पादन

राज्यफैक्ट्रियों की संख्याचीनी उत्पादन
उत्तर प्रदेश11955.1
महाराष्ट्र20678.72
कर्नाटक7138.1
गुजरात134.9
तमिलनाडु272.52
अन्य राज्य7915.69
कुल515195.03
राज्य स्तर पर देखें तो महाराष्ट्र इस बढ़ोतरी का सबसे बड़ा इंजन बनकर उभरा है। यहां 206 मिलें चल रही हैं और उत्पादन 78.72 लाख टन तक पहुंच गया है, जबकि पिछले साल इसी समय यह सिर्फ 55.52 लाख टन था। यानी महाराष्ट्र ने अकेले करीब 23 लाख टन से ज्यादा की अतिरिक्त चीनी पैदा की है। इसके बाद उत्तर प्रदेश दूसरे स्थान पर है, जहां उत्पादन 55.1 लाख टन रहा, जो पिछले साल के 52.6 लाख टन से अधिक है। हालांकि यूपी में मिलों की संख्या थोड़ी कम हुई है, लेकिन उत्पादन में फिर भी बढ़त बनी रही।

कर्नाटक में भी अच्छी प्रगति दिखी है। यहाँ उत्पादन 33.27 लाख टन से बढ़कर 38.1 लाख टन हो गया है। वहीं तमिलनाडु में उत्पादन में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जो 1.68 लाख टन से बढ़कर 2.52 लाख टन तक पहुंच गया। गुजरात में उत्पादन लगभग स्थिर रहा, जबकि अन्य राज्यों की श्रेणी में हल्की गिरावट देखी गई है।

चीनी उत्पादन में इस उछाल का एक बड़ा कारण सरकार द्वारा बढ़ावा दिया गया एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम भी है। अब कई चीनी मिलें गन्ने से केवल चीनी ही नहीं, बल्कि एथेनॉल भी तैयार कर रही हैं। इससे मिलों की आय के स्रोत बढ़े हैं और उनका वित्तीय संतुलन मजबूत हुआ है। जब मिलों की स्थिति बेहतर होती है, तो इसका असर किसानों तक भी पहुँचता है, क्योंकि समय पर भुगतान और बेहतर खरीद व्यवस्था संभव हो पाती है। इस मॉडल ने गन्ना आधारित अर्थव्यवस्था को अधिक स्थिर बनाने में मदद की है।

मौसम की भूमिका भी इस बार निर्णायक रही। कई गन्ना उत्पादक क्षेत्रों में बारिश का वितरण संतुलित रहा, जिससे खेतों में नमी बनी रही और फसल को आवश्यक पानी मिला। इसके साथ ही ड्रिप सिंचाई और आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग से पानी की बचत हुई और उत्पादन में सुधार आया। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर इसी तरह वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा दिया जाता रहा, तो आने वाले वर्षों में गन्ना उत्पादन और भी स्थिर और लाभकारी बन सकता है।

ये भी पढ़ें: फरवरी महीने में दक्षिण और मध्य भारत के गन्ना किसान कर सकते हैं इस क़िस्म की खेती, नहीं रहेगा कई बीमारियों का खतरा

और पढ़िए

  1. ग्रामीण ख़बरें

    एग्रोटेक 2026 : यूपी की राजधानी में जुटेंगे कृषि इनोवेशन के शीर्ष दिग्गज; निवेश की संभावनाओं की तलाश

    उत्तर प्रदेश में निवेश, व्यापार, तकनीकी सहयोग और नई संभावनाओं पर होगी चर्चा। लखनऊ में जुटेंगे कृषि क्षेत्र के दिग्गज, देश-विदेश के…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख
  2. ग्रामीण ख़बरें

    Agri Business में किसान सबसे ज़्यादा कहाँ फँसते हैं, क्या हैं वो सात कारण?

    कृषि में सफलता पाने के लिए सही योजना और तैयारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। कई किसान सब्सिडी को तुरंत मिलने वाले पैसे समझते…

    Gaon Connection · 5 मिनटलेख
  3. ग्रामीण ख़बरें

    यूपी के लिए गन्ने की दो नई किस्में, अच्छा उत्पादन और रोगों से लड़ने में बेहतर

    अक्टूबर में होने वाले 'मिठास मेला-2026' के दौरान, नई गन्ना किस्मों ('Co.Sha. 23232' और 'Co.Sha. 19231) के मिनी बीज किट किसानों को…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख