शुक्रवार, 20 नवम्बर 2026
कार्तिक मास · धान कटने लगा है, शामें ठंडी
ग्रामीण ख़बरें

कोल्डचेन प्रबंधन में तापमान दर्ज करने वाली स्वदेशी डिवाइस ‘ऐम्बिटैग’

इस डिवाइस की मदद से वैक्सीन के साथ ही सब्जियों और डेयरी उत्पादों सहित खराब होने वाले उत्पादों के अलावा जानवरों के सीमेन के तापमान की भी निगरानी की जा सकती है।

· · 2 मिनट

कोल्डचेन प्रबंधन में तापमान दर्ज करने वाली स्वदेशी डिवाइस 'ऐम्बिटैग'

नई दिल्ली। कोविड-19 महामारी से उबरने के लिए वैक्सीन को एक प्रभावी अस्त्र माना जा रहा है। वैक्सीन को दूरदराज के इलाकों तक पहुंचाना चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि इसके लिए एक सुव्यवस्थित कोल्डचेन की आवश्यकता होती है।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), रोपड़ के शोधकर्ताओं ने इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) आधारित अत्याधुनिक डिवाइस ‘ऐम्बिटैग’ विकसित की है, जो इस चुनौती को आसान बनाने में मददगार हो सकती है। यह डिवाइस वैक्सीन जैसे अन्य उत्पादों, जिनके रखरखाव के लिए एक निश्चित ताप को बनाए रखने की आवश्यकता होती है, उनके आसपास के तापमान की जानकारी वास्तविक समय में उपलब्ध कराने में सक्षम है।

वास्तविक समय में दर्ज किए गए तापमान से यह जानने में सहायता मिलती है कि दुनिया में कहीं भी भेजा गया कोई सामान तापमान में अंतर के कारण अभी तक उपयोग के योग्य है या नही। यह डिवाइस कोविड-19 वैक्सीन, अंगों और रक्त के परिवहन सहित अन्य वैक्सीनों के परिवहन के लिए महत्वपूर्ण सिद्ध हो सकता है। इसके साथ-साथ, इस डिवाइस के माध्यम से सब्जियों और डेयरी उत्पादों सहित खराब होने वाले उत्पादों के अलावा जानवरों के सीमेन के तापमान की भी निगरानी की जा सकती है।

आईआईटी, रोपड़ के कृषि एवं जल तकनीकी विकास हब (एडब्ल्यूएडीएच) परियोजना के निदेशक प्रोफेसर पुष्पेंद्र पी सिंह ने बताया कि आईआईटी, रोपड़ प्रौद्योगिकी नवाचार हब एम्बिटैग के व्यापक उत्पादन की तैयारी कर रहा है। यह डिवाइस कोविड वैक्सीन के उत्पादन केंद्र से देश के किसी भी कोने में स्थित टीकाकरण केंद्र तक ढुलाई में लगी सभी कंपनियों को 400 रुपये की उत्पादन लागत पर उपलब्ध होगी। यह डिवाइस इस अभूतपूर्व महामारी में देश के लिए हमारी तरफ से छोटा सा योगदान है, और इससे आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा मिलता है।

एडब्ल्यूएडीएच परियोजना के समन्वयक डॉ सुमन कुमार ने कहा है कि ‘ऐम्बिटैग’ यूएसबी के आकार का डिवाइस है, जो एक बार रिचार्ज होकर पूरे 90 दिनों के लिए किसी भी टाइम जोन में -40 से +80 डिग्री तक के वातावरण में निरंतर तापमान दर्ज कराने में सक्षम है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध इस तरह की डिवाइस सिर्फ 30-60 दिनों तक की अवधि के लिए तापमान दर्ज करती हैं। उन्होंने आगे कहा कि जब तापमान पूर्व निर्धारित सीमा से ऊपर जाता है, तो यह एक अलर्ट जारी करता है, और दर्ज किए गए डेटा को किसी कंप्यूटर की सहायता से हासिल किया जा सकता है।

अभी तक, ऐसे उपकरणों को सिंगापुर, हांगकांग, आयरलैंड और चीन जैसे देशों से बड़ी मात्रा में आयात किया जा रहा है। इस डिवाइस को प्रौद्योगिकी नवाचार हब – एडब्ल्यूएडीएच और उसके स्टार्टअप स्क्रैचनेस्ट द्वारा विकसित किया गया है। एडब्ल्यूएडीएच भारत सरकार की एक परियोजना है।

और पढ़िए

  1. ग्रामीण ख़बरें

    एग्रोटेक 2026 : यूपी की राजधानी में जुटेंगे कृषि इनोवेशन के शीर्ष दिग्गज; निवेश की संभावनाओं की तलाश

    उत्तर प्रदेश में निवेश, व्यापार, तकनीकी सहयोग और नई संभावनाओं पर होगी चर्चा। लखनऊ में जुटेंगे कृषि क्षेत्र के दिग्गज, देश-विदेश के…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख
  2. ग्रामीण ख़बरें

    Agri Business में किसान सबसे ज़्यादा कहाँ फँसते हैं, क्या हैं वो सात कारण?

    कृषि में सफलता पाने के लिए सही योजना और तैयारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। कई किसान सब्सिडी को तुरंत मिलने वाले पैसे समझते…

    Gaon Connection · 5 मिनटलेख
  3. ग्रामीण ख़बरें

    यूपी के लिए गन्ने की दो नई किस्में, अच्छा उत्पादन और रोगों से लड़ने में बेहतर

    अक्टूबर में होने वाले 'मिठास मेला-2026' के दौरान, नई गन्ना किस्मों ('Co.Sha. 23232' और 'Co.Sha. 19231) के मिनी बीज किट किसानों को…

    Gaon Connection · 1 मिनटलेख