शुक्रवार, 20 नवम्बर 2026
कार्तिक मास · धान कटने लगा है, शामें ठंडी
खेल

जूनियर हाकी विश्व कप हॉकी 2016 में हरजीत बने भारतीय टीम के कप्तान

· · 2 मिनट

जूनियर हाकी विश्व कप हॉकी 2016 में हरजीत बने भारतीय टीम के कप्तान

लखनऊ (भाषा)। जूनियर विश्व कप हॉकी 2016 में पंजाब के मिडफील्डर हरजीत सिंह (20 वर्ष) को 18 सदस्यीय जूनियर भारतीय पुरुष हाकी टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। जूनियर विश्व कप हॉकी 2016 आठ से 18 दिसंबर के बीच उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में खेला जाएगा। डिफेंडर दिपसान टिर्की को टीम का उप कप्तान नियुक्त किया गया है।

इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम में 2016 एफआईएच राइजिंग स्टार ऑफ दि इयर पुरस्कार के लिए नामांकित हरमनप्रीत सिंह भी शामिल है। वह इस साल रियो ओलम्पिक में हिस्सा लेने वाली टीम में भी थे।

बेहतरीन स्ट्राइकर माने जाने वाले सुरजीत अकादमी के मंदीप सिंह को भी 18 सदस्यीय दल में शामिल किया गया है। वह एफआईएच चैम्पियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम का हिस्सा थे।

इस टूर्नामेंट में उन्होंने भारत के लिए महत्वपूर्ण मुकाबलों में तीन गोल भी दागे। उनके साथ जूनियर टीम में अरमान कुरैशी, परविंदर सिंह, गुरजंत सिंह, अजीत कुमार पांडे और सिमरनजीत सिंह को भी शामिल किया गया है।

वालेंसिया में भारतीय अभियान में सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी वरुण कुमार भी टीम में शामिल हैं। उनके साथ जूनियर टीम में विक्रमजीत सिंह, गुरिंदर सिंह को भी डिफेंस प्रणाली में रखा गया है।

जूनियर विश्व कप हॉकी 2016 के कार्यक्रम यहां देखें:-

भारत की जूनियर टीम का मिडफील्ड सांता सिंह, नीलकंठ शर्मा, मनप्रीत, सुमित और हरजीत सिंह संभालेंगें, वहीं विकास दहिया और कृष्ण बी पाठक गोलकीपर होंगे।

भारतीय जूनियर टीम अपने टूर्नामेंट की शुरुआत आठ दिसम्बर को कनाडा के खिलाफ होने वाले मुकाबले से करेगी, वहीं 10 दिसम्बर को उसका सामना इंग्लैंड से होगा और 12 दिसम्बर को टीम दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी। ये सभी मुकाबले टूर्नामेंट के पूल-डी में खेले जाएंगे।

टीम : –

गोलकीपर : विकास दहिया, कृष्ण पाठक

डिफेंडर : दिपसान तिर्की (उपकप्तान), हरमनप्रीत सिंह, वरुण कुमार, विक्रमजीत सिंह और गुरिंदर सिंह

मिडफील्डर : हरजीत सिंह (कप्तान), संता सिंह, नीलकंठ शर्मा, मनप्रीत और सुमित

फारवर्ड : परविंदर सिंह, गुरजंत सिंह, अरमान कुरैशी, मनदीप सिंह, अजीत कुमार पांडे और सिमरनजीत सिंह ।

और पढ़िए

  1. खेल

    ICC World Cup 2019: उलझती जा रही है सेमीफाइनल की गुत्थी

    चौथे नंबर के लिए फंसी इंग्लैंड, पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीम...

    Imran Khan · 6 मिनटलेख