शनिवार, 28 नवम्बर 2026
कार्तिक मास · धान कटने लगा है, शामें ठंडी
किसान कनेक्शन

Success Story: Hollywood Actors के लिए कपड़े डिजाइन करने वाला Fashion Designer बना किसान, डिजाइनर एग्रीकल्चर से कर रहे कमाई

कमाल की सोच और आधुनिक शिक्षा के साथ दिल्ली में पले-बढ़े फहद फारूकी ने खेती को एक नई दिशा दी। फैशन डिज़ाइनिंग की पढ़ाई के बाद, उन्होंने अपने खेतों में साधारण खेती की पारंपरिक पद्धतियों को बदल दिया। अपनी खेती को ऐसे डिजाइन किया कि लोग दूर-दूर से देखने आते हैं।

· · 5 मिनट

Success Story: Hollywood Actors के लिए कपड़े डिजाइन करने वाला Fashion Designer बना किसान, डिजाइनर एग्रीकल्चर से कर रहे कमाई

किसान की छवि अक्सर सादगी, पुराने कपड़ों और पारंपरिक खेती से जुड़ी दिखाई देती है, लेकिन शहर के नजदीक बसे अपने खेतों में फहद फारूकी इस तस्वीर को बदलते नजर आते हैं। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में जन्मे और दिल्ली में पले-बढ़े फहद ने शुरुआती शिक्षा के बाद डिजाइन की पढ़ाई की। उनका चयन नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT) में हुआ, जहाँ से उन्होंने डिजाइन की बारीकियां सीखीं। कला और डिजाइन की इसी समझ को उन्होंने खेती में उतार दिया और आज वह खुद को सिर्फ किसान नहीं, बल्कि ‘एग्रीकल्चर डिज़ाइनर’ मानते हैं। समझते हैं उनकी सफल खेती की असल कहानी।

पढ़ाई डिजाइन की, रास्ता चुना खेती का

फहद फारूकी-सफल किसान
फहद फारूकी-सफल किसान Photo: Gaon Connection Network

फहद की परवरिश दिल्ली में हुई। परिवार ने बेहतर शिक्षा के लिए उन्हें शहर भेजा। कला और डिजाइन में रुचि होने के कारण उन्होंने फैशन और डिजाइन की पढ़ाई की। बड़े संस्थान में चयन हुआ, सपनों की दुनिया उनके सामने थी। लेकिन कॉरपोरेट और ग्लैमर की दुनिया में करियर बनाने के बजाय उन्होंने अपने पुश्तैनी खेतों को नई नजर से देखने का फैसला किया। उनका मानना था कि “अगर डिजाइन कपड़ों और इमारतों में हो सकता है, तो खेती में क्यों नहीं?” बस यहीं से शुरू हुई उनकी ‘डिज़ाइनर एग्रीकल्चर’ की यात्रा।

उत्तर-दक्षिण में रोप रहे आम के पौधे

आम का बाग
आम का बाग Photo: Gaon Connection Network

शहर के पास स्थित उनकी चार एकड़ की नर्सरी और करीब 20 बीघे में फैले आम के बाग में आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक सोच का मेल दिखता है। फहद अल्ट्रा हाई डेंसिटी और ट्रेलिस सिस्टम पर आम की खेती कर रहे हैं, जिसमें पेड़ों को तार-बांस का सहारा देकर उत्तर-दक्षिण दिशा में लगाया गया है ताकि सूरज की रोशनी का अधिकतम उपयोग हो सके। फहद ने करीब 20 बीघे में आम का बाग तैयार किया। यहाँ पारंपरिक तरीके से पेड़ नहीं लगाए गए, बल्कि वैज्ञानिक ढंग से ‘नॉर्थ-साउथ ओरिएंटेशन’ में रोपण किया गया ताकि सूरज की रोशनी का पूरा फायदा मिले। उन्होंने अल्ट्रा हाई डेंसिटी और ट्रेलिस सिस्टम अपनाया, जिससे पेड़ों की ऊंचाई, फैलाव और फल की गुणवत्ता नियंत्रित रहती है।

2500 रुपये प्रति किलो बेचते हैं आम

2,500 रूपए किलो बेचते हैं अपनी बाग के आम।
2,500 रूपए किलो बेचते हैं अपनी बाग के आम। Photo: Gaon Connection Network

उनके बाग में आम की कई खास किस्में हैं, जिनमें चर्चित ‘मियाज़ाकी’ जैसी प्रीमियम वैरायटी भी शामिल है। हालांकि वह बताते हैं कि इसे उन्होंने बांग्लादेश से मंगाया। उनके पास लगभग 70 पेड़ इस किस्म के हैं। वह बताते हैं कि हर फल महंगा नहीं होता, लेकिन जो 5-10% फल आकार, रंग और मिठास में बेहतरीन होते हैं, वही प्रीमियम दाम पर बिकते हैं। उनके कुछ आम 2500 रुपये प्रति किलो तक बिकते हैं। सबसे खास बात यह है कि वह अपनी उपज सीधे चुनिंदा ग्राहकों तक पहुंचाते हैं। कोई बिचौलिया नहीं, कोई मंडी पर निर्भरता नहीं। उनका कहना है, “खेती सिर्फ उगाने का नाम नहीं, सही ग्राहक तक पहुंचाने का नाम भी है। जंगल में मोर नाचा किसने देखा?”

खेती भरोसे का काम।
खेती भरोसे का काम। Photo: Gaon Connection Network

फहद बताते हैं, “देखिए खेती तो मुझसे बेहतर बहुत सारे लोग करते होंगे। मगर मेरा जो स्ट्रेंथ है वो है पूरी तरीके से एक बैलेंस्ड अप्रोच लेकर चलना। खेती में प्रोड्यूस करना बहुत इंपॉर्टेंट है मगर आप उसे सही व्यक्ति तक की ले जा नहीं पा रहे हैं और अगर सही उपभोक्ता आपके पास नहीं है तो आपका सारा किया कराया जो है वो बेकार है।” फहद मानते हैं कि भारतीय आम और जैविक उत्पादों में निर्यात की अपार संभावना है, लेकिन केमिकल उपयोग, असमान गुणवत्ता और मानकीकरण की कमी बड़ी बाधा है। उनका लक्ष्य है कि भारतीय आम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक ब्रांड की तरह स्थापित किया जाए।

जैविक और भरोसेमंद उत्पाद

तकनीक से दोस्ती
तकनीक से दोस्ती Photo: Gaon Connection Network

फहद की खेती का दूसरा बड़ा आधार है जैविक और भरोसेमंद उत्पादन। हजारा स्थित खेतों में वह खरीफ, रबी और जायद तीनों मौसम की फसलें उगाते हैं और हर साल फसल चयन में बदलाव कर ‘फाइन ट्यूनिंग’ करते हैं। मटर, धनिया, लहसुन, आलू जैसी फसलें बिना रासायनिक खाद और कीटनाशकों के उगाई जाती हैं। उनका कहना है कि ऑर्गेनिक खेती में सबसे बड़ा सवाल ‘भरोसे’ का होता है, इसलिए वह पहले अपने परिवार और रिश्तेदारों को वही उपज खिलाते हैं जो बाजार में बेचते हैं।

आलू और स्ट्रॉबेरी की खेती में तकनीक से दोस्ती

आलू की खेती।
आलू की खेती। Photo: Gaon Connection Network

उनके खेतों में ड्रिप सिंचाई, नमी मापने वाले सेंसर और सीमित पानी के इस्तेमाल जैसी आधुनिक तकनीक अपनाई गई है। ड्रिप लाइनों से नियंत्रित सिंचाई और नमी मापने के लिए सेंसर का इस्तेमाल उनकी खेती को तकनीकी रूप से उन्नत बनाता है। आलू की खेती के बारे में फहद बताते हैं कि आलू 45 इंच चौड़े बेड पर उगाए जाते हैं, जिससे उत्पादन बेहतर और साफ-सुथरा रहता है। सही तकनीक का इस्तेमाल किया जाए तो आलू 120 दिन में तैयार होते हैं और एक पौधे से लगभग एक किलो तक उत्पादन मिल जाता है।

साथ ही स्ट्रॉबेरी की खेती में उन्होंने खुद का डिजाइन किया स्टैंड बनाया है, ताकि फल जमीन को न छुए और खराब न हो। वह प्लास्टिक मल्च की जगह धान की पराली का इस्तेमाल करते हैं और जरूरत के हिसाब से मिनटों में पानी देते हैं। शुरुआती फलों को तोड़कर वह पौधे के पत्तों के विकास पर जोर देते हैं ताकि मिठास बेहतर हो। उनका कहना है कि “खेती में पानी और पोषण का संतुलन ही असली विज्ञान है।”

बदलती तस्वीर का किसान

1000 रुपये किलो बेचते हैं स्ट्रॉबेरी।
1000 रुपये किलो बेचते हैं स्ट्रॉबेरी। Photo: Gaon Connection Network

फहद फारूकी का मानना है कि भारतीय आम में अपार संभावनाएं हैं, लेकिन केमिकल उपयोग, गुणवत्ता में असमानता और मानकीकरण की कमी के कारण निर्यात में देश पीछे है। वह अपने स्तर पर आकार, गुणवत्ता और स्वाद को एक मानक पर लाने की कोशिश कर रहे हैं। डिजाइन की पृष्ठभूमि से आए इस किसान ने यह दिखाया है कि खेती केवल परंपरा नहीं, बल्कि नवाचार, प्रबंधन और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का क्षेत्र भी है। फहद फारूकी की कहानी सिर्फ एक किसान की सफलता नहीं, बल्कि सोच में बदलाव की कहानी है। उन्होंने दिखाया कि खेती में पढ़ाई, तकनीक, डिजाइन और मार्केटिंग का मेल हो तो गांव में रहकर भी ग्लोबल स्तर पर काम किया जा सकता है। आज उनका खेत सिर्फ फसल नहीं उगाता, बल्कि एक संदेश भी देता है कि किसान होना मजबूरी नहीं, एक आधुनिक और सम्मानजनक पेशा है।

और पढ़िए

  1. किसान कनेक्शन

    नई कपास की आवक शुरू, मंडियों में 9,200-9,500 रुपये क्विंटल भाव; नवंबर में क्या होगा?

    देश के कई राज्यों में नई कपास की शुरुआती आवक शुरू हो गई है, लेकिन कच्चे कपास के भाव मज़बूत हैं। प्रमुख…

    Gaon Connection · 3 मिनटलेख
  2. किसान कनेक्शन

    खेती में AI का बढ़ता इस्तेमाल, लेकिन किसान की कमाई कितनी बढ़ेगी? जानिए क्यों ज़रूरी है किसान-केंद्रित तकनीक

    कृषि में एआई तकनीक ने किसानों को सही फैसले लेने में सहारा दिया है। यह तकनीक मौसम, भूमि और कीटों की जानकारी…

    Mansi Tripathi · 6 मिनटलेख
  3. किसान कनेक्शन

    FAO Report: जिस मिट्टी से उगता है हमारा खाना, उसकी सेहत बिगड़ रही! खेती पर क्यों बढ़ा ख़तरा, जानिए पूरी वजह

    दुनिया भर में मिट्टी का क्षरण जारी है और इसे बचाने के तरीके धीमी गति से अपनाए जा रहे हैं। एफएओ की…

    Mansi Tripathi · 5 मिनटलेख