शुक्रवार, 20 नवम्बर 2026
कार्तिक मास · धान कटने लगा है, शामें ठंडी
सेहत कनेक्शन

गुर्दे की पथरी से बचने के लिए लिक्विड डाइट लें ज्यादा

· · 3 मिनट

गुर्दे की पथरी से बचने के लिए लिक्विड डाइट लें ज्यादा

नई दिल्ली (आईएएनएस)। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) का कहना है कि 13 प्रतिशत पुरुषों और सात प्रतिशत महिलाओं में गुर्दे की पथरी की समस्या पाई जाती है। आईएमए के अनुसार, पूरे दिन में तरल पदार्थो का सेवन बढ़ाने से गुर्दे की पथरी के बार-बार होने का जोखिम आधा रह जाता है और इसका कोई दुष्प्रभाव भी नहीं होता। अनुसंधान से पता चलता है कि गुर्दे की पथरी वाले लोगों में क्रोनिक किडनी रोग होने का काफी अधिक जोखिम रहता है।

आईएमए के अध्यक्ष डॉ. के. के. अग्रवाल ने कहा, “शरीर में पानी की कमी गुर्दे की पथरी का मुख्य कारण है। यूरिक एसिड (मूत्र का एक घटक) पतला करने के लिए पर्याप्त पानी चाहिए होता है और ऐसा न होने पर मूत्र अधिक अम्लीय बन जाता है। यह अम्लीय गुर्दे की पथरी बनने का कारण होता है। गुर्दे की पथरी गोल्फ की एक गेंद के रूप में बड़ी हो सकती है। यह एक क्रिस्टल जैसी संरचना होती है।”

उन्होंने कहा, “कुछ मामलों में ये इतने छोटे हो सकते हैं कि मूत्र के साथ बाहर निकल जाते हैं और व्यक्ति का इस ओर ध्यान भी नहीं जाता। हालांकि, इस प्रक्रिया में अत्यधिक दर्द हो सकता है। अगर गुर्दे की पथरी शरीर के अंदर रहती है, तो वे अन्य जटिलताएं पैदा कर सकती है, जैसे मूत्र की रुकावट।”

ये भी पढ़ें:अच्छी ख़बर : कैंसर और दिल की दवाएं 50 से 90 प्रतिशत तक मिलेंगी सस्ती

डॉ. अग्रवाल ने कहा, “गुर्दे की पथरी के लक्षण तब शुरू होते हैं जब वे मूत्रवाहिनी की ओर जाते हैं। इसके सामान्य लक्षणों में मूत्र नली के आसपास गंभीर दर्द, मूत्र में रक्त, उल्टी और मितली, मूत्राशय में सफेद रक्त कोशिकाओं या मवाद का होना, मूत्र की मात्रा में कमी, मूत्र करते समय जलन, बार-बार मूत्र की इच्छा होना और बुखार और ठंड लगना प्रमुख हैं।”

आईएनए अध्यक्ष ने बताया, “कुछ दवाएं गुर्दे की पथरी के जोखिम को बढ़ा सकती हैं। विटामिन-डी और कैल्शियम की खुराक लंबे समय तक लेने पर कैल्शियम का स्तर बढ़ जाता है। गुर्दे की पथरी के लिए यह भी एक कारक हो सकता है। प्रोटीन और सोडियम अधिक और कैल्शियम का कम सेवन भी इसका एक कारक हो सकता है।”

उन्होंने कहा, “एक जगह बैठे रहने और मोटापे के अलावा उच्च रक्तचाप और कैल्शियम का शरीर में अवशोषण कम होने से भी पथरी हो सकती है।”


इन उपायों को अपनाकर गुर्दे की पथरी को काफी हद तक रोका जा सकता है :

  • गुर्दे की पथरी से बचने का एक अच्छा तरीका है कि तरल पदार्थो का अधिक सेवन किया जाए। कम पानी पीने से पथरी हो सकती है।
  • आहार में सोडियम कम करें। मूत्र में लवण बढ़ने से कैल्शियम की मूत्र से रक्त में पुन: अवशोषण की प्रक्रिया धीमी होती जाती है और गुर्दे की पथरी हो सकती है।
  • ऑक्सलेट वाले खाद्य पदार्थो को सीमित करें। आमतौर पर चॉकलेट, बीट्स, नट्स, पालक, स्ट्रॉबेरी, चाय और गेहूं की चोकर में ऑक्सलेट अधिक पाया जाता है।
  • पशु प्रोटीन कम खाएं। पशु प्रोटीन में अम्लीय पदार्थ अधिक होते हैं और यूरिक एसिड में वृद्धि होती है। उच्च यूरिक एसिड से पथरी बन सकती है।

ये भी पढ़ें:बहरेपन से बचाने को बच्चों में टीकाकरण जरूरी

और पढ़िए

  1. ग्रामीण ख़बरें

    कैंसर के इलाज में नई खोज! कैंसर सेल में पहुँचकर एक्टिव होने के लिए डिज़ाइन की गई ‘स्मार्ट’ दवा, जानिए RK-251 कैसे करती है काम

    भारतीय वैज्ञानिकों ने आरके-251 नामक एक नई 'स्मार्ट' कैंसर दवा का अविष्कार किया है, जो कैंसर कोशिकाओं के भीतर अधिक रिएक्टिव ऑक्सीजन…

    Mansi Tripathi · 4 मिनटलेख
  2. ग्रामीण ख़बरें

    पनीर असली है या एनालॉग? चाप में प्रोटीन है या स्टार्च? क्या खा रहे हैं आप, डॉक्टर से जानिए कितना है सेहत के लिए सही

    आपके रोजमर्रा के भोजन में पैकेज्ड फूड के लेबल का अध्ययन करना अत्यावश्यक है। प्रोसेस्ड और अल्ट्रा-प्रोसेस्ड खाद्य उत्पादों का उपयोग सीमित…

    Mansi Tripathi · 4 मिनटलेख
  3. ग्रामीण ख़बरें

    रात 11 बजे के बाद मोबाइल चलाने वाली महिलाओं में 15% ज़्यादा मिला मोटापे का स्तर, रिसर्च में सामने आया चौंकाने वाला कनेक्शन

    रात के समय मोबाइल का अत्यधिक उपयोग महिलाओं के मोटापे के लिए खतरा बन सकता है। विशेष रूप से रात 11 बजे…

    Mansi Tripathi · 4 मिनटलेख