शनिवार, 28 नवम्बर 2026
कार्तिक मास · धान कटने लगा है, शामें ठंडी
संवाद

80 वर्षों के बाद भी नहीं पूरा हुआ आरक्षण का लक्ष्य,

· · 8 मिनट

80 वर्षों के बाद भी नहीं पूरा हुआ आरक्षण का लक्ष्य,
आरक्षण कमजोर लोगों को बराबरी पर लाना था। लेकिन ये विभाजनकारी बन गया है।

आवश्यकता है कि सभी वर्गों में से अच्छे से अच्छे डॉक्टर, इंजीनियर तथा प्रशासक प्रतियोगिता के आधार पर बिना किसी भेदभाव के चुने जाएं। यदि ऐसा नहीं हुआ, तो राष्ट्रीय पुनर्निर्माण की बात अधूरी रह जाएगी।

जब देश 1947 में आजाद हुआ, तो हमारा समाज ऊंच-नीच, दलित-सवर्ण और जाति-भेद आदि की बीमारियों से ग्रसित था। इन सबकी पीड़ा वैसे तो संपूर्ण पिछड़ा समाज हजारों साल से झेलता आया था। यह तो नहीं पता कि हिंदू समाज में यह रोग कब और कैसे लगा, लेकिन इस दर्द को डॉक्टर भीमराव आंबेडकर ने अपने जीवन में झेला था। उनका सोचना था कि यदि इस समाज को 10 वर्ष के लिए आरक्षण की सुविधा दी जाए, तो सामाजिक बराबरी आ सकती है। सरकार में रहते हुए उन्होंने यह प्रावधान लागू भी कराया था, लेकिन 80 साल बीत जाने के बाद भी यह नहीं कहा जा सकता कि आरक्षण का उद्देश्य पूरा हो चुका है। सोचना यह होगा कि इस समाज में आगे बढ़ने की क्षमता कम है अथवा 80 साल की सरकारों ने आरक्षण को ठीक प्रकार से लागू नहीं किया। यदि क्षमता कम होती, तो तमाम कठिनाइयों के बावजूद डॉक्टर आंबेडकर जैसा मेधावी व्यक्ति पैदा नहीं हो सकता था। अतीत में भी महर्षि वाल्मीकि, संत रैदास, तुकाराम, बिजली पासी और आजाद भारत में बाबू जगजीवन राम जैसे लोग पैदा नहीं होते। समाज में बौद्धिक क्षमता की कमी नहीं है और यदि कहीं कमी है, तो डॉक्टर आंबेडकर द्वारा सुझाए गए इलाज को लागू करने में है।

देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने सभी मुख्यमंत्रियों को 1961 में लिखा था, ‘‘मैं हर प्रकार के आरक्षण को नापसंद करता हूं, विशेषकर सेवाओं में।’’ सरदार वल्लभभाई पटेल भी आरक्षण को देशहित के विरुद्ध मानते थे। जब 1980 के दशक में वी.पी. सिंह ने अनुसूचित जाति के अतिरिक्त अन्य पिछड़ी जातियों को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया, तो राजीव गांधी ने सितंबर 1990 को लोकसभा में वी.पी. सिंह से कहा था, ‘‘आपने सारे देश में जातीय हिंसा की आग जला दी है।’’ दुख की बात है कि वह आग अभी भी जल रही है।

अब तो कुछ लोग कहते हैं कि आरक्षण हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है। तब तो यह कहने में संकोच नहीं कि मर्ज बढ़ता ही गया, ज्यों-ज्यों दवा की गई। हालत यह है कि जब दुनिया के विकसित देश अपनी आबादी का विकास में पूरी क्षमता के साथ उपयोग कर रहे हैं, वहीं हमारे समाज में कुछ लोग आरक्षित पदों को भरने भर की योग्यता पूरी नहीं कर पा रहे हैं। दूसरे वर्गों के लोगों में भी आरक्षण की भूख पैदा हो रही है। आरक्षण आंदोलनों के कारण सामाजिक विग्रह पैदा हो रहा है और यहां तक कि हमारे देश के केंद्रीय मंत्री अठावले ने सवर्णों को आरक्षण का सुझाव दे डाला। इसके पहले मराठा, पटेल, गुर्जर, मुस्लिम और जाटों के उग्र आंदोलन हो चुके हैं, आरक्षण की मांग को लेकर। आरक्षण पर विचार करें तो अनुसूचित जाति (18), जनजाति (03), अन्य पिछड़ी जातियों को (27), महिलाओं को प्रस्तावित (33), अल्पसंख्यकों को (14) और अब सवर्णों को (18) प्रतिशत का सुझाव है। इस प्रकार सभी आरक्षण लागू हो गए, तो करीब 113 प्रतिशत होगा। मेधावी अभ्यर्थियों को क्या मिलेगा, पता नहीं और 113 प्रतिशत की पूर्ति कैसे होगी, यह भी पता नहीं।

सरकारी नौकरियों में आरक्षण पाने के लिए पढ़ना-लिखना आना चाहिए, लेकिन संसद और विधानसभा में प्रवेश करने के लिए किसी ज्ञान की आवश्यकता नहीं होती। तब भी आरक्षण लागू है। सरकारी प्रतिष्ठानों की नौकरियों में आरक्षण लागू है, जो लगातार घाटे में चल रही हैं और अब निजी प्रतिष्ठानों में भी आरक्षण का प्रावधान लागू होने का प्रस्ताव है। पता नहीं, विदेशी पूंजी निवेश के लिए भी यही दिशा-निर्देश हुए, तो सब घाटे में चलेंगे।

आरक्षण के लिए आंदोलन करते हुए कभी-कभी उग्र रूप ले लेते हैं। ऐसे आंदोलन अनेक जातियों और उपजातियों, जैसे जाट, गुर्जर, मराठा तथा अन्य तमाम वर्गों, जिनकी संख्या लगभग 4000 है, द्वारा अपनी मांग उठाने के लिए किए जाते रहे हैं। इतना ही नहीं, जिन्हें आरक्षण मिल रहा है, उन्हें अन्य पिछड़ी जाति कहने के बजाय उपजातियों के रूप में उनकी जनगणना किए जाने की राजनेताओं द्वारा मांग लगभग स्वीकार कर ली गई है। इसको क्रियान्वित करने में अब देरी है।

कल्पना कीजिए कि पहले लोकसभा और विधानसभाओं में बिना किसी शैक्षिक योग्यता के आरक्षण लागू किया गया और फिर पंचायतों में भी। इससे हर गांव में पुराना भाईचारा समाप्त हो गया। पहले ग्रामीण संस्कृति आदर्श रूप में हुआ करती थी और किसी कवि ने कहा भी था, ‘‘अहा! ग्राम्य जीवन भी क्या है!’’ क्योंकि तब पूरा गांव एक परिवार के समान हुआ करता था। लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में स्वतः सम्मिलित हो जाते थे। जब से जातीय आधार पर पंचायत प्रधानों का चुनाव होने लगा, तब से वे सभी ग्रामीण संस्कार न जाने कहां चले गए।

भारत में पंचायत की व्यवस्था, जिसे ग्रामसभा कहते थे, बहुत पुरानी है। शायद यह वैदिक काल से चली आ रही थी। इसके अंतर्गत गांव के लोगों की आम सहमति से समझदार और सम्मानित लोगों में से पांच बुजुर्ग नामित किए जाते थे। ये ईश्वर के प्रतिनिधि के रूप में काम करते थे और इन्हें पंच परमेश्वर कहा जाता था। इस पुरानी परंपरा को महात्मा गांधी जी ने समझा था और इसे ग्राम स्वराज का नाम दिया था। आधुनिक भारत में भी एक समय प्रत्येक जाति की अपनी पंचायत बैठा करती थी और अपने समाज के सभी मसले बिना अदालती भाग-दौड़ अथवा किसी मुकदमेबाजी के आपस में हल हो जाया करते थे। लेकिन जब से देश में पंचायत व्यवस्था 50 के दशक में औपचारिक रूप से लागू हुई, तब से यह गांव तक सीमित न रहकर अदालतों तक जाने लगी और गांव-गांव में गुटबंदी तथा जातीय आधार पर गांव की आबादी विभाजित हो गई। अब राजनीतिक पार्टियां भी अपने जातीय संगठन और गुट बनाकर वोट बैंक के रूप में उनका प्रयोग कर रही हैं। इसलिए पंचायत से लेकर विधानसभा और संसद सदस्यों तक में राजनीतिक पार्टियां भी जातीय विभाजन को प्रखर बनाने में जुट गई हैं और जुटी हुई हैं।

नए आरक्षण की बात अलग है। पुराने आरक्षित पद इसलिए नहीं भरे जा रहे हैं कि योग्य अभ्यर्थियों की कमी है। ऐसी हालत में वैज्ञानिक प्रतिष्ठान, कल-कारखाने और प्रशासनिक इकाइयां या तो धीमी गति से चलेंगी या तब तक रुकी रहेंगी, जब तक कोटा पूरा नहीं हो जाता। अनारक्षित लोग बेरोजगार होंगे, तो अपराधी बनेंगे। तत्कालीन प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह ने आंदोलित मेधावी छात्रों को पेट्रोल पंप का लाइसेंस देने, मिट्टी के तेल का परमिट देने और मारुति कार की एजेंसी देने की बात कही थी। बुद्धि का इससे बड़ा अपमान क्या हो सकता है? हमें मानना होगा कि आरक्षण के नाम पर आज जो हो रहा है, वह विकसित देशों में नहीं होता। इस प्रकार हम कभी भी विकसित देश नहीं बन पाएंगे।

सबसे बड़ी समस्या सांप्रदायिक आरक्षण की है। वल्लभभाई पटेल अंग्रेजों द्वारा दिए गए कम्युनल अवॉर्ड के सख्त खिलाफ थे और जवाहरलाल नेहरू का कहना था कि यह गलती ही नहीं, बल्कि तबाही की डगर पर ले जाएगा। उस समय सलाहकार समिति के अध्यक्ष के रूप में पटेल ने सांप्रदायिक आरक्षण को सर्वसम्मति से रद्द कराया था। नेहरू सरकार ऐसे दलितों को भी आरक्षण देने के खिलाफ थी, जो धर्मांतरित हो गए हों।

मुसलमानों के साथ न तो स्वाधीन भारत में और न उसके पहले कभी भेदभाव हुआ है। इसलिए यह पहेली है कि मुसलमान कब, कैसे और क्यों पिछड़ गए। क्या आरक्षण मांगने का कोई आधार है? दलितों की तरह उनका कभी शोषण नहीं हुआ। सरकारी नौकरियों में मुसलमानों का प्रतिशत कम है। इसके लिए स्वयं उनका समाज जिम्मेदार है, क्योंकि वे अपनी भाषा और ज्ञान के साथ नौकरी चाहते हैं। गरीब मुसलमानों को आरक्षण की नहीं, आधुनिक शिक्षा की आवश्यकता है, जिससे वे वैज्ञानिक, प्रशासक और तकनीकी अधिकारी की दौड़ में शामिल हो सकें। सच यह है कि उर्दू शिक्षक और अनुवादक के लिए भी सुयोग्य मुस्लिम अभ्यर्थी नहीं मिलते।

नौकरियों में उनके कम प्रतिशत का कारण यह है कि वे अरबी, फारसी और उर्दू पढ़कर कंप्यूटर शिक्षक और वैज्ञानिक नहीं बन सकते। यदि कोई हिंदू भी संस्कृत पाठशाला में पढ़कर वैज्ञानिक की नौकरी चाहेगा, तो उसे नहीं मिलेगी, जैसा मदरसा शिक्षित मुस्लिमों को नहीं मिलती। और यदि आरक्षण का प्रावधान कर भी दिया जाए, तो उनका भला नहीं होगा, क्योंकि शहरी क्षेत्रों में 61 प्रतिशत और गांवों में केवल 13 प्रतिशत मुस्लिम ग्रेजुएट हैं, जबकि हिंदुओं में यही प्रतिशत क्रमशः 25.3 और 5.3 प्रतिशत है। मुस्लिम समाज में उच्च शिक्षा के प्रति अरुचि क्यों है और सैकड़ों साल हुकूमत करने के बावजूद वे पिछड़े क्यों हैं, यह सोचना होगा।

देश के विकास के लिए चंद लोगों को आरक्षण नहीं चाहिए, बल्कि देशवासियों में विशेषज्ञता चाहिए, जैसे अमेरिका और यूरोप ने किया, अथवा प्रजातंत्र को शहीद करके विकास हो सकता है, जैसा रूस और चीन ने किया। लेकिन हमारे नेता योग्यता, क्षमता और एक्सीलेंस के बगैर वोट बैंक बनाकर विकास चाहते हैं। यह नहीं होगा। महत्वपूर्ण जातीय प्रतिनिधित्व नहीं, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व है, यानी गांव और शहर का प्रतिनिधित्व। लेकिन यदि वर्तमान व्यवस्था में ही जीना चाहते हैं, तो एक दिन जातियों के बीच गृहयुद्ध होगा, जैसे धर्मों के बीच होता रहा है। सेनाएं तैयार हैं—भीमसेना, करणी सेना, रामसेना, शिवसेना और नई-नई सेनाएं बनेंगी। फिर अस्तित्व की लड़ाई होगी और सबसे बलिष्ठ जीतेगा। जिसकी लाठी, उसकी भैंस।

समाज के पिछड़े वर्गों को सबके बराबर आरक्षण के माध्यम से नहीं लाया जा सकता और जो लोग सदा-सर्वदा के लिए आरक्षण की बात करते हैं, वे समाज को अपंग मानकर सदा बैसाखी के सहारे चलाना चाहते हैं। 80 वर्षों का अनुभव कहता है कि आरक्षण की दवाई से गैर-बराबरी का इलाज हो नहीं पाया। इसलिए विकल्प ढूंढना ही होगा। हमारे पिछड़े वर्ग न तो मंदबुद्धि हैं और न अक्षम। इसलिए सामान्य शिक्षा के साथ उन्हें अतिरिक्त शिक्षा देकर प्रतियोगिता में उतारना वांछनीय होगा। यदि इन वर्गों को प्रतियोगिता में कामयाबी दिलाकर चयनित किया जाएगा, तो उनमें आत्मविश्वास और स्वाभिमान बना रहेगा। आवश्यकता है कि सभी वर्गों में से अच्छे से अच्छे डॉक्टर, इंजीनियर तथा प्रशासक प्रतियोगिता के आधार पर बिना किसी भेदभाव के चुने जाएं। यदि ऐसा नहीं हुआ, तो राष्ट्रीय पुनर्निर्माण की बात अधूरी रह जाएगी।

और पढ़िए

  1. संवाद

    चिंता : पक्ष और विपक्ष की बेलगाम भाषा, कैसे लगे लगाम ?

    भारतीय संसद में आजकल सांसदों के आचरण और बयानों में गिरावट साफ देखी जा रही है। विपक्ष सत्ता पक्ष की तीव्र आलोचना…

    Dr SB Misra · 7 मिनटलेख
  2. संवाद

    वंदे मातरम : आजादी के समय सबसे प्रेरक रहे गीत का विरोध अनुचित और अनैतिक

    वंदे मातरम गीत को राष्ट्रगान क्यों नहीं बनाया गया? यदि थोड़े से अल्पसंख्यकों की आपत्ति के कारण इसे राष्ट्रगान नहीं बनाया गया,…

    Dr SB Misra · 5 मिनटलेख
  3. ग्रामीण ख़बरें

    Climate Crisis: प्राकृतिक विपदाओं पर नियंत्रण संभव नहीं लेकिन उनसे बचाव सीखना होगा

    प्राकृतिक आपदाओं पर नियंत्रण संभव नहीं, पर उनसे बचाव सीखना आवश्यक है। भूकंप, ज्वालामुखी और सुनामी जैसी प्राकृतिक विपदाओं से बचाव के…

    Dr SB Misra · 11 मिनटलेख