गुरूवार, 26 नवम्बर 2026
कार्तिक मास · धान कटने लगा है, शामें ठंडी
पशुधन

देश भर में बनाए जा रहे हैं जलवायु अनुकूल तटीय मछुआरा गाँव, जानिए क्या मिलेंगी सुविधाएँ

प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत देशभर में 100 जलवायु अनुकूल तटीय मछुआरा गाँव विकसित किए जा रहे हैं। इस योजना से मछुआरों को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, सुरक्षित आजीविका, बेहतर बाजार सुविधा और जलवायु परिवर्तन से निपटने की क्षमता मिलेगी।

· · 3 मिनट

देश भर में बनाए जा रहे हैं जलवायु अनुकूल तटीय मछुआरा गाँव, जानिए क्या मिलेंगी सुविधाएँ

समुद्र किनारे रहने वाले मछुआरा समुदाय जलवायु परिवर्तन के सबसे बड़े असर झेलने वालों में शामिल हैं। कभी समुद्री तूफान, कभी समुद्र स्तर बढ़ना, तो कभी मछली पकड़ने में अनिश्चितता, इन सबने तटीय इलाकों की आजीविका को जोखिम में डाल दिया है। इसी चुनौती को देखते हुए केंद्र सरकार ने एक नई पहल शुरू की है, जिसके तहत देश के तटीय इलाकों में 100 मछुआरा गांवों को “जलवायु अनुकूल तटीय मछुआरा गांव” के रूप में विकसित किया जा रहा है।

मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के अंतर्गत मत्स्य पालन विभाग ने इस योजना को प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) के तहत लागू किया है। इस पहल का मकसद ऐसे गाँव तैयार करना है जो आर्थिक रूप से मजबूत हों, पर्यावरण के अनुकूल हों और जलवायु बदलाव के झटकों को सहने में सक्षम बन सकें। इसके तहत हर गाँव पर करीब 2 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और यह पूरी राशि केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही है। इस कार्यक्रम के दिशा-निर्देश फरवरी 2024 में जारी किए गए थे।

इस योजना के जरिए तटीय इलाकों में मछुआरों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी को बेहतर बनाने पर खास ध्यान दिया जा रहा है। गाँवों में आधुनिक मछली बाजार, फिश ड्राइंग यार्ड, प्रसंस्करण केंद्र, आइस प्लांट, कोल्ड स्टोरेज, फिशिंग जेट्टी और तट संरक्षण से जुड़े काम किए जा रहे हैं। इससे मछुआरों को अपनी पकड़ सुरक्षित रखने, उसे सही दाम पर बेचने और नुकसान कम करने में मदद मिलेगी।

2 करोड़ रुपये प्रति गाँव से बनेंगे जलवायु अनुकूल फिशरमैन विलेज।
2 करोड़ रुपये प्रति गाँव से बनेंगे जलवायु अनुकूल फिशरमैन विलेज। Photo: Gaon Connection Network

इसके साथ ही योजना में जलवायु अनुकूल गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। जैसे समुद्री शैवाल की खेती, आर्टिफिशियल रीफ यानी कृत्रिम चट्टानों का निर्माण, और ग्रीन फ्यूल का इस्तेमाल। इन उपायों से समुद्री जैव विविधता बढ़ेगी, मछली उत्पादन को सहारा मिलेगा और पर्यावरण पर दबाव कम होगा।

सरकार का लक्ष्य केवल ढांचा तैयार करना नहीं है, बल्कि गाँवों में जीवन की कुल गुणवत्ता को बेहतर बनाना भी है। इसलिए प्रशिक्षण, सुरक्षा उपकरण, आपदा प्रबंधन सुविधाएं, सौर ऊर्जा आधारित लाइटिंग, प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं और सामाजिक बुनियादी ढांचे पर भी काम किया जा रहा है। इससे मछुआरा परिवारों को सुरक्षित और स्थिर आजीविका मिल सकेगी।

ये भी पढ़ें: इस योजना से अंडमान-निकोबार में बढ़ेगा मछली पालन का व्यवसाय

इन गाँवो का चयन कई मानकों के आधार पर किया गया है। समुद्र तट से दूरी, मछुआरों की आबादी, नावों की संख्या, मछली लैंडिंग गतिविधियां और जलवायु जोखिम जैसे पहलुओं को ध्यान में रखकर गाँव चुने गए हैं। ज्यादा मछुआरा आबादी वाले और जलवायु संकट के प्रति ज्यादा संवेदनशील इलाकों को प्राथमिकता दी गई है।

कर्नाटक में इस योजना के तहत पांच गाँवों को चुना गया है, जहां बहुउद्देशीय मत्स्य केंद्र, तट सुरक्षा कार्य, सौर ऊर्जा आधारित बाजार लाइटिंग, नेट मरम्मत यार्ड, फिश प्रोसेसिंग यूनिट, आपातकालीन बचाव सुविधाएं और सोलर फिश ड्रायर जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। वहीं आंध्र प्रदेश में 15 गाँवों को इस कार्यक्रम में शामिल किया गया है, जहां फिश ड्राइंग प्लेटफॉर्म, हाई मास्ट सोलर लाइट, GPS उपकरण, प्राथमिक चिकित्सा किट, जीवन रक्षक उपकरण और पोर्टेबल आइस बॉक्स जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।

ये भी पढ़ें: मछली पालन में नई शुरुआत, NFDP से जुड़कर सीधे पा सकते हैं सरकारी योजनाओं का लाभ

और पढ़िए

  1. ग्रामीण ख़बरें

    डेयरी किसानों के पास ₹5 लाख तक का पुरस्कार जीतने का मौका, 10 अगस्त से गोपाल रत्न पुरस्कार के लिए आवेदन शुरू

    राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार 2026 के लिए 10 अगस्त से ऑनलाइन नामांकन शुरू होंगे। डेयरी किसानों, डेयरी सहकारी समितियों, दूध उत्पादक कंपनियों,…

    Umang Shukla · 2 मिनटलेख
  2. ग्रामीण ख़बरें

    यूपी के सभी 75 जिलों में होगा डेयरी कॉन्क्लेव-2026, किसानों और पशुपालकों को इन योजनाओं का मिलेगा सीधा लाभ

    उत्तर प्रदेश में दुग्धशाला विकास विभाग के 50 वर्ष पूरे होने पर 6 अगस्त को सभी 75 जिलों में डेयरी कॉन्क्लेव-2026 आयोजित…

    Gaon Connection · 3 मिनटलेख
  3. ग्रामीण ख़बरें

    बारिश में बढ़ा खुरपका-मुँहपका रोग का ख़तरा, बिहार में मुफ़्त टीकाकरण अभियान तेज़, 79 लाख से अधिक पशुओं को लगा टीका

    बरसात के मौसम में खुरपका-मुँहपका (एफएमडी) रोग का ख़तरा बढ़ने के बीच बिहार सरकार राज्यभर में निःशुल्क टीकाकरण अभियान चला रही है।…

    Gaon Connection · 2 मिनटलेख